भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया जा चुके हैं। करीब तीन साल तक अपने फॉर्म को लेकर आलोचनाओं का शिकार होने वाले कोहली एशिया कप से पुराने रंग में लौट चुके हैं। उनसे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। कोहली बल्लेबाजी के साथ-साथ अपनी पसंद को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने सिंगिग रियलिटी शो इंडियन आइडल के एक गायक को पर्सनल मैसेज भेजा है।
दरअसल, कोहली को क्रिकेट के अलावा संगीत सुनना काफी पसंद है। वह पंजाबी गानों के अलावा हिंदी गाने भी खूब सुनते हैं। वह इंडियन आइडल के 13वें सीजन के गायक ऋषि सिंह के फैन हो गए हैं। ऋषि अयोध्या के रहने वाले हैं। उन्होंने ऑडिशन राउंड में लाखों लोगों को अपना फैन बना लिया था। ऑडिशन राउंड में 'पहला-पहला प्यार' गाने के बाद उन्होंने 'केसरिया तेरा इश्क' गाने से सबका दिल जीत लिया।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: भारत 15 साल से नहीं बना टी20 में चैंपियन, जानें अब तक किसने कब-कब जीता टूर्नामेंट
सोनी टीवी के आधिकारिक इंस्टाग्राम पर अगले एपिसोड से पहले कुछ वीडियो शेयर किए गए हैं। इनमें एक वीडियो में यह दिखाया गया है कि विराट ने ऋषि को मैसेज भेजा है। कोहली ने उनकी गायकी की तारीफ की है और पर्सनल मैसेज भेजा। विराट ने लिखा, ''ऋषि, आप कैसे हैं? मैंने आपके वीडियो हाल ही में देखे हैं। आप शानदार हैं। मुझे आपकी गायकी पसंद आई है। आपको शुभकामनाएं। इसी तरह आगे बढ़ते रहिए। भगवान आपके साथ है।'' इस पर ऋषि ने उन्हें शुक्रिया कहा।
ये भी पढ़ें: IND vs SA: तीन रन बनाने के बावजूद शुभमन गिल ने बनाया रिकॉर्ड, नवजोत सिंह सिद्धू को इस मामले में छोड़ा पीछे
कोहली की बात करें तो वह एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने पांच मैचों की पांच पारियों में 92 की औसत से 276 रन बनाए थे। अफगानिस्तान के खिलाफ एक शतक भी लगाया था। यह अंतरराष्ट्रीय टी20 में उनका पहला शतक था। उनके बल्ले से दो अर्धशतक भी निकले थे। विराट ने उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 63 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 49 रनों की नाबाद पारी भी खेली थी। वर्ल्ड कप में कोहली से टीम को इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद है।