पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपने 100वें टेस्ट की तैयारियों के लिए यहां पीसीए स्टेडियम में नेट पर जमकर अभ्यास किया और उनके साथ ही कप्तान रोहित शर्मा ने भी काफी बल्लेबाजी अभ्यास किया। दोनों स्टार खिलाड़ियों ने कई कई बार विभिन्न नेट (थ्रोडाउन, स्पिनरों के, तेज गेंदबाजों के और नेट गेंदबाजों के खिलाफ) पर बल्लेबाजी की।
रोहित ने जहां मोहम्मद शमी की गेंदों पर शॉट खेले तो वहीं कोहली ने अपने 100वें टेस्ट से 48 घंटे पहले मोहम्मद सिराज की गेंदों पर कवर ड्राइव लगाए। दोनों ने अलग-अलग समय अलग नेट पर बल्लेबाजी की। एक समय उप कप्तान रहे रोहित 30 गज की दूरी से पूर्व कप्तान कोहली के अभ्यास पर भी नजर लगाए थे। रोहित ने करीब 45 मिनट तक बल्लेबाजी करने के बाद टीम के अभ्यास की निगरानी भी की।
इस दौरान वह दो बार बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार पर शॉट लगाते दिखे। जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे तो कोहली बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ और रविंद्र जडेजा के साथ बातचीत कर रहे थे। रोहित ने अभ्यास के दौरान जसप्रीत बुमराह की कुछ गेंदों को और मोहम्मद शमी की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों को छोड़ा भी।
नंबर एक पर टीम इंडिया की निगाह
टी20 प्रारूप में लगातार 12 जीत के बाद अब पूर्णकालिक टेस्ट कप्तान बनने के बाद रोहित की निगाह भारतीय टीम को फिर से नंबर एक स्थान पर पहुंचाने की होगी। अभी भारतीय टीम टेस्ट रैंकिंग में तीसरे स्थान पर है। टेस्ट कप्तान के रूप में रोहित में अपना पहला टेस्ट चार मार्च से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में करेंगे, जबकि श्रीलंका की निगाह भारतीय मैदान पर पहली टेस्ट जीत हासिल करने पर होगी।
भारतीय टीम की कोशिश विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (2021-23) के तहत इस महत्वपूर्ण अंक बटोरेने की रहेगी। टेस्ट चैंपियनशिप के तहत भारत ने चार जीत हासिल की हैं। दो में उसे हार मिली है जबकि दो ड्रॉ हुए। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में भारतीय टीम ने सेंचुरियन में पहला मैच हारने के बाद 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।