विराट कोहली की आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और महेन्द्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स 2021 में दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट क्लब में से एक हैं। ट्विटर इंगेजमेंट के आधार पर आरसीबी की टीम चेन्नई से भी एक पायदान ऊपर है। 2021 में खेल से जुड़े जिन क्लब का सबसे ज्यादा जिक्र किया गया है, उनसे जुड़े ट्वीट किए गए हैं। कमेंट और रीट्वीट में उनका जिक्र किया गया है। ऐसे क्लबों की सूची में आरसीबी की टीम आठवें और चेन्नई की टीम नौवें स्थान पर हैं। वहीं फुटबॉल टीम मैनचेस्टर यूनाइटेड पहले पायदान पर है।
साल 2021 में 820 मिलियन (82 करोड़) बार बैंगलोर की टीम का ट्विटर में जिक्र हुआ है। वहीं चेन्नई की टीम को 752 मिलियन (75.2 करोड़) बार टैग किया गया है या उससे जुड़ी बात कही गई है। ट्विटर के नजरिए से दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल क्लब की सूची में सिर्फ चेन्नई और आरसीबी ही टॉप 10 में जगह बना पाए हैं। इस सूची में टॉप 10 में सात क्लब फुटबॉल के हैं। सबसे ज्यादा लोकप्रियता वाले मैनचेस्टर यूनाइटेड से जुड़े 2.6 बिलियान (260 करोड़) ट्वीट 2021 में किए गए हैं।
मैनचेस्टर और बार्सिलोना सबसे लोकप्रिय फुटबॉल क्लब
साल 2021 में सबसे ज्यादा ट्वीट मैनचेस्टर यूनाइटेड और बर्सिलोना को लेकर किए गए हैं। 2.3 बिलियन (230 करोड़) ट्वीट में बार्सिलोना का जिक्र किया गया है। मैनचेस्टर यूनाइटेड के बाद सबसे ज्यादा ट्वीट बार्सिलोना को लेकर ही किए गए हैं। वहीं रियल मैड्रिड का क्लब इस सूची में तीसरे स्थान पर मौजूद है, लेकिन पिछले साल 1.3 बिलियन (130) करोड़ ट्वीट में उसका जिक्र है, जो दूसरे नंबर पर मौजूद बार्सिलोना से 100 करोड़ कम है। इससे फुटबॉल लीग में मैनचेस्टर यूनाइटेड और बार्सिलोना की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।