तमिलनाडु के चोटिल ऑलराउंडर विजय शंकर चोट के कारण भारत ए के लिए 17 अगस्त से शुरू हो रही आगामी चतुष्कोणीय ए सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। इस टूर्नामेंट में भारत ए और बी टीमों के अलावा दक्षिण अफ्रीका ए और आस्ट्रेलिया ए की टीमें शामिल हैं।
निदाहास ट्रॉफी में टीम इंडिया का हिस्सा रह चुके विजय शंकर बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे हैं और बेंगलुरू के एनसीए में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इस सीरीज का पहला मुकाबला 17 अगस्त, शुक्रवार को इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला है।
बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने कहा, 'विजय शंकर इस चतुष्कोणीय सीरीज में भारत बी टीम का हिस्सा थे। हालांकि सीनियर चयन समिति ने फैसला किया कि शंकर की जगह भारत बी की टीम में किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल नहीं किया जाएगा।'