विजय हजारे ट्रॉफी के ताजा मुकाबलों में भारतीय क्रिकेट के बड़े नामों ने दमदार प्रदर्शन कर टूर्नामेंट को रोमांच से भर दिया। दिल्ली के लिए कप्तान ऋषभ पंत ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए टीम को बड़ी जीत दिलाई, वहीं कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए टूर्नामेंट का चौथा शतक जड़ा। दूसरी ओर, बड़ौदा के लिए हार्दिक पंड्या ने छक्कों की बरसात करते हुए यादगार शतकीय पारी खेली, भले ही उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। इन मुकाबलों के अलावा भी कई टीमों और खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका की तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया।
बड़ौदा बनाम विदर्भ
हार्दिक पंड्या की विस्फोटक शतकीय पारी के बावजूद बड़ौदा को विदर्भ के खिलाफ नौ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। नंबर सात पर बल्लेबाजी करने उतरे हार्दिक ने 92 गेंदों में 133 रन ठोक दिए, जिसमें आठ छक्के और 11 चौके शामिल रहे। बड़ौदा की टीम 71 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद 293 तक पहुंची, लेकिन जवाब में विदर्भ ने अमन मोखाड़े के नाबाद 150 और ध्रुव शौरी के 65 रनों की बदौलत लक्ष्य को 41.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
हैदराबाद बनाम चंडीगढ़
तिलक वर्मा के शतक की बदौलत हैदराबाद ने चंडीगढ़ को 136 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 286 रन बनाए, जवाब में चंडीगढ़ की पूरी टीम 150 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में चिन्नटला रक्षन रेड्डी ने तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज ने किफायती गेंदबाजी करते हुए एक विकेट हासिल किया।
दिल्ली बनाम सर्विसेज
कप्तान ऋषभ पंत के नाबाद अर्धशतक की मदद से दिल्ली ने सर्विसेज को आठ विकेट से हराया। सर्विसेज की टीम 178 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसके जवाब में दिल्ली ने महज 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पंत ने 37 गेंदों में नाबाद 67 रन बनाए, जबकि प्रियांश आर्य ने 72 रन की तेज पारी खेली। गेंदबाजी में हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने अहम भूमिका निभाई।
गुजरात बनाम आंध्र प्रदेश
अक्षर पटेल ने अपने करियर का पहला लिस्ट-ए शतक जड़ते हुए गुजरात को आंध्र प्रदेश के खिलाफ सात रन से रोमांचक जीत दिलाई। अक्षर ने 111 गेंदों में 130 रन बनाए और विषाल जायसवाल के साथ छठे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी की। जवाब में आंध्र प्रदेश की टीम लक्ष्य के बेहद करीब पहुंची लेकिन 311 रन ही बना सकी।
हरियाणा बनाम ओडिशा
युवा ऑलराउंडर पार्थ वत्स के शानदार प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा ने ओडिशा के खिलाफ चार विकेट से जीत दर्ज की। पहले गेंदबाजी करते हुए वत्स ने तीन विकेट लिए और फिर बल्लेबाजी में नाबाद 157 रन की पारी खेलकर 306 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कराया।
कर्नाटक बनाम त्रिपुरा
देवदत्त पडिक्कल के चौथे शतक के दम पर कर्नाटक ने त्रिपुरा को 80 रन से हराया। पडिक्कल ने 120 गेंदों में 108 रन बनाए, जिससे कर्नाटक ने 332 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में त्रिपुरा की टीम 252 रन ही बना सकी, हालांकि स्वप्निल सिंह के शतक ने कुछ देर मुकाबला जीवंत रखा।
राजस्थान बनाम तमिलनाडु
युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा के पांच विकेट की बदौलत राजस्थान ने तमिलनाडु को 10 रन से हराया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए, जिसके जवाब में तमिलनाडु की टीम 215 रन पर सिमट गई। अशोक शर्मा ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 5/58 के आंकड़े दर्ज किए।
झारखंड बनाम केरल
संजू सैमसन और रोहन कुन्नुम्मल की शतकीय पारियों की बदौलत केरल ने झारखंड को आठ विकेट से हराया। झारखंड ने कुमार कुशाग्र के नाबाद 143 रन की मदद से 311 रन बनाए, लेकिन केरल ने 212 रन की ओपनिंग साझेदारी के दम पर लक्ष्य को 42.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।
मध्य प्रदेश बनाम पुड्डुचेरी
पुड्डुचेरी ने मध्य प्रदेश को चार विकेट से हराकर चौंकाने वाली जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश की टीम 228 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में पुदुचेरी ने 43 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। अमन खान ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान दिया।