ऑफ स्पिनर अक्षय वखारे (4/22) के नेतृत्व में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से विदर्भ ने विजय हजारे एकदिवसीय ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी में बड़ौदा को सात विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ ही बड़ौदा की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की दौड़ से बाहर हो गई। टीम के आठ मैचों में तीन जीत के साथ 12 अंक है।
विदर्भ के नाम सात मैचों में 12 अंक है और टीम अगर-मगर के फेर के साथ नॉकआउट चरण में जगह बनाने की दौड़ में बनी हुई है। बड़ौदा की टीम 50 ओवर में 131 रन पर आउट हो गई। टीम के लिए 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ऋ षि अरोठे ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। जबकि स्वप्निल सिंह ने 27 और कप्तान क्रुणाल पंड्या ने 21 रन का योगदान दिया। वखारे ने 10 ओवर में 22 रन देकर चार विकेट लिए। रजनीश गुरबानी और अधिक किफायती रहे जिन्होंने 10 ओवर में 16 रन देकर दो विकेट चटकाए।
आदित्य सरवटे को भी दो सफलता मिली। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरे विदर्भ के लिए कप्तान फैज फजल (नाबाद 58) और विकेटकीपर जितेश शर्मा (37) ने पहले विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी कर बड़ौदा की हार सुनिश्चित कर दी।