ग्रुप बी
दिल्ली बनाम हैदराबाद
मनन शर्मा (4/42) की उम्दा गेंदबाजी के बाद दाएं हाथ के बल्लेबाज नीतिश राणा (91 रन, 87 गेंद, 12 चौके, 2 छक्के) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी की बदौलत दिल्ली ने शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी में हैदराबाद को छह विकेट से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मनन के आगे हैदराबाद की टीम 47.4 ओवर में 205 रन पर ढेर हो गई। बी संदीप से सर्वाधिक 51 और मोहम्मद सिराज ने नाबाद 36 रन की पारी खेली। बारिश के चलते दिल्ली को 39 ओवर में 176 रन का लक्ष्य दिया गया जिसे उसने 30.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। उन्मुक्त चंद (00) एक बार फिर नाकाम रहे। कप्तान गौतम गंभीर 47 गेंदों में 41 रन की पारी खेली।
छत्तीसगढ़ बनाम यूपी
उपेंद्र यादव (85) और रिंकू सिंह (58) की अर्द्धशतकीय पारियों और इनके बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 94 रन की साझेदारी के बावजूद उत्तर प्रदेश को विजय हजारे ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के हाथों चार विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। यूपी की यह लगातार दूसरी हार है। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी की टीम चार गेंद शेष रहते 250 रन ही बना पाई। उपेंद्र व रिंकू के अलावा प्रियम गर्ग ने 41 और शिवम चौधरी ने 36 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से जतिन सक्सेना ने चार विकेट लिए। छत्तीसगढ़ ने लक्ष्य को पांच गेंद शेष रहते छह विकेट पर 252 रन बनाकर हासिल कर लिया। अमनदीप खरे ने नाबाद 78, विशाल कुशवाह ने 52 और अवनीश धालीवाल ने 50 रन की पारी खेली।
केरल बनाम ओडिशा
दिल्ली के पालम बी मैदान पर खेले गए मैच में केरल ने ओडिशा को 6 विकेट से हराया। ओडिसा की टीम 117 रन बनाकर आउट हुई। जवाब में केरल ने 4 विकेट के नुकसान पर 118 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
ग्रुप सी
हरियाणा बनाम असम
अमित मिश्रा (6/13) की फिरकी के दम पर हरियाणा ने विजय हजारे ट्रॉफी में असम को आठ विकेट से रौंद दिया। मिश्रा और अरुण (3/4) के सामने असम की टीम 30.2 ओवर में 81 रन पर ही सिमट गई। असम के तीन बल्लेबाज रेयान प्रयाग (24), परवेज अजीज (13) और अरुप दास (10) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। जवाब में हरियाणा ने शुभम रोहिला (31 नाबाद) और हर्षल पटेल (37) की पारियों से 11.2 ओवर में दो विकेट पर ही 83 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। हरियाणा की यह पहली जीता है। उसका पहला मुकाबला बारिश के कारण रद हो गया था।
त्रिपुरा बनाम जम्मू कश्मीर
त्रिपुरा ने जम्मू कश्मीर को 4 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू कश्मीर की टीम महज 79 रन बनाकर आउट हो गई। अहमद बांडी ने सबसे अधिक 24 रन बनाए। त्रिपुरा के हरमीत सिंह ने 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए त्रिपुरा ने भी 81 रन बनाए लेकिन 6 विकेट के नुकसान पर जीत हासिल हुई।
तमिलनाडु बनाम सेना
तमिलनाडु की टीम ने सेना को 83 रनों से शिकस्त झेलने पर मजबूर किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडू की टीम ने 4 विकेट पर 314 रन बनाए। जगदीसन ने सबसे अधिक 133 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सेना की पूरी टीम 232 रन बनाकर आउट हुई। उनके लिए नकुल हरपाल वर्मा ने सबसे अधिक 60 रन बनाए। तमिलनाडू के वरुण चकर्वर्ती ने 5 विकेट झटके।
प्लेट ग्रुप
उत्तराखंड बनाम पांडिचेरी
उत्तराखंड ने पांडिचेरी को 65 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड ने 7 विकेट पर 291 रन बनाए। कर्णवीर ने 101 रन बनाए। जवाब में पांडिचेरी की पूरी टीम 226 रन बनाकर आउट हो गई। अभिषेक नायर ने 94 रन बनाए।
अरुणाचल प्रदेश बनाम सिक्किम
अरुणाचल प्रदेश ने सिक्किम को 49 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अरुणाचल की टीम ने 4 विकेट पर 306 रन बनाए। उनके टेची डोरिया ने सबसे अधिक 122 रन बनाए। जवाब में सिक्किम की टीम 7 विकेट पर 257 रन बना पाई। निलेश लामिचाने के 123 रन बेकार गए।
नागालैंड बनाम मेघालय
नागालैंड ने मेघालय को 7 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेघालय ने 6 विकेट पर 246 रन बनाए। राज बिस्वा ने सबसे अधिक 71 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नागालैंड ने 3 विकेट पर 247 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। केबी पवन ने नाबाद 113 रनों की पारी खेली।