एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट में जोस बटलर की मैराथन पारी काम नहीं आई। ऑस्ट्रेलिया और जीत के बीच सिर्फ बटलर ही बने हुए थे। नौवें विकेट के रूप में बटलर के आउट होते ही इंग्लैंड की हार तय हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरा टेस्ट 275 रन से जीता और सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। तीसर टेस्ट मेलबर्न में 26 दिसंबर से खेला जाएगा।
हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे बटलर
जोस बटलर ने दूसरे टेस्ट को ड्रॉ कराने के लिए काफी मेहनत की और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजो को सोचने पर मजबूर कर दिया। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि जैसे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बटलर को आउट करने में असमर्थ हैं। हालांकि, बटलर के साथ उनकी पारी की 207वीं गेंद पर ऐसा हुआ जिसको देखने के बाद वह खुद से और फैंस उनसे काफी निराश होंगे। बटलर एक शॉर्ट पिच बॉल को खेलने के चक्कर में हिट विकेट आउट हो गए।
पहली बार हिट विकेट हुए बटलर
दरअसल, एडिलेड में खेले गए पिंक बॉल टेस्ट के पांचवें दिन झाय रिचर्डसन ने एक शॉर्ट पिच गेंद फेंकी, जिसे खेलने के लिये बटलर बैक फुट पर गए। उन्होंने गेंद को ऑफसाइड में पंच तो किया, लेकिन ऐसा करते वक्त उनका पैर स्टंप्स से टकरा गया और वो आउट हो गये। बटलर इस तरह से अपना विकेट खोने के बाद काफी निराश दिखे। बटलर के टेस्ट करियर में यह पहला मौका है जब वो हिट विकेट होकर पवेलियन वापस लौटे।
इंग्लैंड की टीम 275 रनों से हारी
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस विकेट का वीडियो भी शेयर किया और कैप्शन में लिखा- एक शानदार पारी का अंत। बटलर ने अब तक फर्स्ट क्लास में 193 पारियों खेली हैं और पहली बार हिट विकेट हुए। उनके आउट होने के कुछ देर बाद ही इंग्लैंड की पारी सिमट गई और उसे 275 रन से हार का सामना करना पड़ा। 468 रनों का पीछा कर रही इंग्लैंड की टीम 192 रन पर ऑलआउट हो गई।