फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी: उड़ीसा को रौंद क्वार्टर फाइनल में यूपी

Mon, 31 Dec 2012 09:26 PM IST
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
मीडियम पेसर इम्तियाज अहमद (पांच विकेट) के एक और घातक प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश ने मेजबान उड़ीसा को रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मैच के तीसरे दिन 43 रन से पीटकर शान से क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। बल्लेबाजों के लिए कब्रगाह बनी बाराबती स्टेडियम की पिच पर उड़ीसा के सामने जीत के लिए सिर्फ 145 रन का लक्ष्य था लेकिन मेजबान टीम 37.2 ओवर में 101 रन पर ही ढेर हो गई।
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश को इस जीत से छह अंक मिले और उसने ग्रुप ‘बी’ में निर्धारित आठ मैचों से 33 अंक जुटाकर टॉप पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। उड़ीसा की इस हार के बाद उम्मीदें टूट गई और वह आठ मैचों से 16 अंक जुटाकर होड़ से बाहर हो गया। उत्तर प्रदेश की ओर से गोविंद पोद्दार ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। यूपी की ओर से इम्तियाज ने पहली पारी में भी पांच विकेट लिए।

दिल्ली भी क्वालीफाई के करीब
विदर्भ को फालोऑन खेलने पर मजबूर करने के बाद दिल्ली की टीम भी ग्रुप ‘बी’ से क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने के करीब पहुंच गई है। दिल्ली को नॉकआउट दौर में पहुंचने के लिए इस मैच में जीत या फिर पहली पारी में बढ़त की जरूरत थी। दिल्ली ने पहली पारी नौ विकेट पर 523 रन बनाकर घोषित कर दी थी। जवाब में विदर्भ की पूरी टीम 257 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन


सुमित नरवाल, प्रदीप सांगवान, रजत भाटिया और विकास मिश्रा ने दो-दो विकेट बांटकर विदर्भ को फालोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया। विदर्भ की ओर से हेमांग बदानी ने 68 और शलभ श्रीवास्तव ने 45 रन बनाए। दूसरी पारी में स्टंप्स तक विदर्भ ने बगैर नुकसान के एक रन बना लिए थे।

ड्रा की ओर जम्मू-त्रिपुरा मैच
जम्मू-कश्मीर और त्रिपुरा के बीच ग्रुप ‘सी’ का मैच ड्रा की ओर बढ़ गया है। बारिश से प्रभावित इस मैच के तीसरे दिन स्टंप्स तक त्रिपुरा ने पांच विकेट पर 226 रन बना लिए हैं। खेल रोके जाने के समय अब्बस अली 50 और अजय रत्रा 35 रन बनाकर खेल रहे थे। छठे के लिए दोनों अब तक 60 रन जोड़ चुके हैं। अब मैच में एक ही दिन शेष रह गया है ऐसे में दोनों टीम को बराबर अंकों से संतोष करना पड़ सकता है।

हरियाणा मुश्किल में
हरियाणा के खिलाफ बारिश से बाधित ग्रुप ‘बी’ के मैच में तमिलनाडु ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 571 रन बनाकर घोषित कर दी। दिनेश कार्तिक ने 17 चौके और तीन छक्के की मदद से 187 जबकि विजय शंकर ने नाबाद 100 रन की पारी खेली। जवाब में स्टंप्स तक हरियाणा ने बगैर नुकसान के सात रन बना लिए थे। हरियाणा की ओर से यजुवेंद्र चाहल ने तीन और मोहित शर्मा ने दो विकेट लिए।

पुजारा ने ठोका दोहरा शतक
चेतेश्वर पुजारा के नाबाद दोहरा शतक (203) की बदौलत सौराष्ट्र ने ग्रुप ‘ए’ मैच में मध्य प्रदेश पर शिकंजा कस लिया है। पुजारा की इस पारी से सौराष्ट्र ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 303 रन बनाकर घोषित कर दी। मध्य प्रदेश को जीत के लिए 411 रन का लक्ष्य मिला। जवाब में तीसरे दिन स्टंप्स तक मध्य प्रदेश के दो विकेट 89 रन पर गिर चुके थे।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें