अमेरिका और बांग्लादेश के बीच खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार को खेला गया। इस मैच में मेहमानों ने अमेरिका को 10 विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से खत्म किया। अमेरिकी धरती पर बांग्लादेश की यह पहली जीत है। इस मैच में बांग्लादेश के गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने छह विकेट चटकाकर अमेरिका के बल्लेबाजी क्रम की धज्जियां उड़ा दीं। अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 104 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश ने 11.4 ओवर में 108 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मुस्तफिजुर रहमान ने बिखेरा जलवा
बांग्लादेश की टीम पहले ही सीरीज गंवा चुकी थी। ऐसे में टीम पर साख बचाने की दवाब था। उनके लिए मुस्तफिजुर रहमान संकटमोचक साबित हुए। वह आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हैं। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 2.50 के इकोनॉमी रेट से सिर्फ 10 रन खर्च किए और छह विकेट हासिल किए। रहमान ने अमेरिका के बल्लेबाजी क्रम को मिनटों में ध्वस्त कर दिया। उनकी कातिलाना गेंदबाजी की बदौलत बांग्लादेश ने आखिरी टी20 मैच अपने नाम किया।
मैच का हाल
सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे शायान जहांगीर और एंड्रीस गौस के बीच 46 रनों की साझेदारी हुई। दोनों ने क्रमश: 18 और 27 रन बनाए। इस मैच में अमेरिका का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सका।अमेरिका के लिए नितीश कुमार ने तीन, मिलिंद कुमार ने सात, आरोन जोन्स ने दो, कोरी एंडरसन ने 18, शैडली ने 12, जसदीप ने छह, निसर्ग ने दो और नॉसथुश (नाबाद) ने एक रन बनाया। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर ने छह विकेट चटकाए। वहीं, तंजिम हसन साकिब, शाकिब अल हसन और रिशाद हुसैन ने एक-एक विकेट चटकाया। जवाब में बांग्लादेश ने 50 गेंदों के शेष रहते 10 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे तंजिद हसन और सौम्य सरकार के बीच 108 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। दोनों ने क्रमश: 58 और 43 रन बनाए।