महिला प्रीमियर लीग का 11वां मुकाबला सोमवार को यूपी वॉरियर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया। आरसीबी ने इस मैच को 23 रन से जीत लिया। यूपी के खिलाफ मंधाना की टीम की यह दूसरी जीत है। इस मुकाबले में आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना और एलिस पैरी ने विस्फोटक अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने एक ऐसा छक्का जड़ा जिससे स्टेडियम में खड़ी कार का शीशा टूट गया।
यूपी के खिलाफ जहां मंधाना ने 50 गेंदों में 80 रन बटोरे, वहीं पैरी ने 37 गेंदों में चार चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 95 रन की विशाल साझेदारी हुई। इस दौरान पैरी के द्वारा मारा गया एक छक्का अब चर्चा का विषय बन गया है।
पैरी के दमदार छक्के से टूटा कार का शीशा
33 वर्षीय ऑलराउंडर ने 19वें ओवर में दमदार छक्का मारा। दीप्ति शर्मा के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार करते हुए पैरी ने जोरदार सिक्स के साथ स्टेडियम में खड़ी कार का शीशा तोड़ दिया। कांच टूटने के बाद पैरी हैरान नजर आईं, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आरसीबी की जीत
यूपी ने टॉस जीतकर आरसीबी को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मंधाना और पैरी की अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 198 रन बनाए। इसके जवाब में यूपी वॉरियर्स 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 175 रन बना सकी। आरसीबी ने जीत के साथ अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। वहीं, यूपी अब चौथे नंबर पर पहुंच गई है। दोनों का नेट रनरेट क्रमश: 0.242 और -0.073 है।