उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर उत्तर प्रदेश और मुंबई के बीच यहां चल रहे रणजी ट्रॉफी मैच पर भी पड़ा और पहले दिन 50 ओवर का ही खेल हो सका। इस दौरान उत्तर प्रदेश ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 115 रन बनाए। स्टंप्स के समय तन्मय श्रीवास्तव 49 और प्रशांत गुप्ता 41 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों दूसरे विकेट के लिए अब तक 87 रन जोड़ चुके हैं। हालांकि टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी की शुरुआत खराब रही और ओपनर मुकुल डागर मात्र 15 रन बनाकर शर्दुल ठाकुर की गेंद पर बोल्ड हो गए। मुंबई ने पहले दिन छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया।
खाता भी नहीं खोल सके गंभीर
नई दिल्ली। टीम इंडिया से बाहर चल रहे गौतम गंभीर राजस्थान के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके। पिछले मैच में शानदार शतकीय पारी खेलने वाले दिल्ली के कप्तान यहां के फिरोजशाह कोटला मैदान पर महज दो गेंद खेलकर आउट हो गए। हालांकि परिवंदर अवाना ने चार और नवदीप सैनी ने तीन विकेट लेकर राजस्थान को मैच के पहले दिन मात्र 141 रन पर ढेर कर दिया। राजस्थान के पांच बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके। राजेश बिश्नोई ने सर्वाधिक 57 और ए सिंघवी ने 28 तथा कप्तान अशोक मिनारिया ने 25 रन का योगदान किया। जवाब में स्टंप के समय दिल्ली का भी 10 रन पर एक विकेट गिर गया था। उन्मुक्त चंद चार और वरुण सूद चार रन बनाकर खेल रहे थे।
रसूल के अर्द्धशतक से जम्मू मजबूत
वडोदरा। ऑलराउंडर परवेज रसूल के नाबाद 65 रन की मदद से जम्मू एंड कश्मीर ने बड़ौदा के खिलाफ ग्रुप ‘ए’ मैच के पहले दिन छह विकेट पर 266 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर जम्मू को पहले बल्लेबाजी देना बड़ौदा को भारी पड़ा। ओपनर शुभम खजूरिया (41) और आदिल रिशी (46) ने पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी कर जम्मू को ठोस शुरुआत दिलाई। इसके बाद बंदीप सिंह ने 37, इयान देव सिंह ने 38 और हरदीप सिंह ने 22 रन की पारी खेल टीम को विशाल स्कोर की ओर बढ़ाया। बड़ौदा की ओर से स्वप्निल सिंह चार और सागर मनगालोरकर दो विकेट ले चुके हैं।
हिमाचल के खिलाफ संभला गोवा
पोरवोरिम (गोवा)। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ गोवा ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए मैच के पहले दिन सात विकेट पर 274 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोवा की शुरुआत खराब रही और 96 रन पर ही उसकी आधी टीम पवेलियन लौट गई लेकिन इसके बाद दर्शन मिसाल ने छठे विकेट के लिए सौरभ बांदेकर (40) के साथ 84 और सादाब जकाती (44) के साथ 90 रन की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया। स्टंप के समय मिसाल 89 रन बनाकर खेल रहे थे। गोवा की ओर से विक्रमजीत मलिक और गुरविंदर सिंह ने दो-दो विकेट लिए।
हरियाणा के मैच पर भी मौसम की मार
रोहतक। खराब मौसम की मार हरियाणा और विदर्भ के बीच यहां खेले जा रहे मैच पर भी पड़ा और पहले दिन 47 ओवर ही फेंके गए। इस दौरान विदर्भ ने तीन विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। ओपनर फैज फजल 42 और शुलभ श्रीवास्तव 10 रन बनाकर खेल रहे हैं। गणेश सतीश ने 23 और कप्तान ए बद्रीनाथ ने 20 रन का योगदान किया। आशीष हुड्डा ने दो और जोगिंदर शर्मा ने एक विकेट लिए।
पंजाब ने महाराष्ट्र को 210 रन पर रोका
पुणे। ग्रुप ‘बी’ मैच में पंजाब ने महाराष्ट्र को मैच के पहले दिन 210 रन पर रोक दिया। पंजाब के कप्तान हरभजन सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। महाराष्ट्र के बल्लेबाजों ने हालांकि शुरुआत तो अच्छी की लेकिन कोई भी अपनी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं तब्दील कर सके। राहुल त्रिपाठी ने सर्वाधिक 56, अंकित बवने ने 44 और श्रीकांत मुंडे ने नाबाद 30 रन बनाए। सिद्धार्थ कॉल ने सर्वाधिक तीन जबकि हरभजन सिंह ने दो विकेट लिए। जवाब में स्टंप के समय पंजाब के भी 26 रन पर एक विकेट गिर चुके थे।