आईपीएल 2022 के आठवें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पंजाब किंग्स को 137 रन पर समेट दिया। कोलकाता के श्रेयस अय्यर ने बेहतरीन कप्तानी करते हुए शानदार फॉर्म में चल रहे उमेश यादव से गेंदबाजी की शुरुआत करवाई। 34 साल के उमेश ने कप्तान को निराश नहीं किया और पहले ही ओवर में मयंक अग्रवाल का विकेट झटका।
इसके बाद उमेश ने तीन और विकेट लिए। इनमें लियाम लिविंगस्टोन, हरप्रीत बरार और राहुल चाहर के विकेट शामिल हैं। उमेश ने इस आईपीएल में तीसरी बार किसी भी विपक्षी टीम को पहले ओवर में झटका दिया। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ भी उमेश ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी। मयंक के विकेट के साथ ही आईपीएल पावरप्ले में उमेश के पचास विकेट भी पूरे हो गए। ऐसा करने वाले वह चौथे खिलाड़ी हैं।
उमेश यादव
- फोटो : IPL/BCCI
उमेश से पहले जहीर खान (52 विकेट), संदीप शर्मा (52 विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (51 विकेट) ने आईपीएल में पावरप्ले में विकेट लिए थे। उमेश यादव ने चार ओवर के स्पेल में 23 रन देकर चार विकेट झटके, जो कि उनके आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। इससे पहले उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल 2012 में दिल्ली में 24 रन देकर चार विकेट झटके थे।
यह नौवीं बार है जब उमेश याद ने आईपीएल में पंजाब के खिलाफ एक मैच में तीन या इससे ज्यादा विकेट लिए हैं। उमेश के अलावा किसी और गेंदबाज ने किसी दूसरे टीम के खिलाफ पांच बार से ज्यादा ऐसा नहीं किया है। उमेश इस मामले में काफी आगे हैं।
उमेश ने आईपीएल में 10 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते हैं। इसमें से छह बार उन्होंने ये अवॉर्ड पंजाब के खिलाफ जीता है। इसी के साथ उमेश ने पर्पल कैप भी अपने नाम किया। इस मैच से पहले उमेश के चार और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तीन विकेट थे। अब उमेश के आठ विकेट हैं और वह सबसे आगे हैं।