दक्षिण अफ्रीका की पुरूष क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ी कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाए गए और खास तौर पर आयोजित 'कल्चर कैंप' में भाग नहीं ले सकेंगे। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने खिलाड़ियों के नाम का खुलासा नहीं किया।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार सीएसए ने कुकुजा में 18 से 22 अगस्त तक टीम के शिविर से पहले 50 खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के टेस्ट कराए थे। इसमें 32 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
बोर्ड ने एक विज्ञप्ति में कहा, 'दो खिलाड़ी कोरोना जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं जिनके विकल्प की घोषणा नहीं की गई है। जो शिविर में भाग नहीं ले पा रहे वे आनलाइन इससे जुड़ेंगे।' इन दोनों खिलाड़ियों को पृथकवास में भेज दिया गया है।
बांग्लादेश का अंडर 19 क्रिकेटर कोरोना पॉजिटिव
वहीं, बांग्लादेश का एक अंडर 19 क्रिकेटर इफ्तिखार हुसैन कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाया गया है और उसे एक सप्ताह तक पृथकवास में रहना होगा। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार हुसैन को शेर ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम पर हुई जांच में पॉजिटिव पाया गया।
वह उन 15 क्रिकेटरों में से हैं जिनकी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने रविवार से शुरू हो रहे शिविर से पहले जांच कराई है। बीसीबी के खेल विकास मैनेजर एम ए कैसर ने कहा, 'एक मामला पॉजिटिव आया है जिसका नाम इफ्तिखार हुसैन है। वह बीसीबी के मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत पृथकवास में रहेगा।' उसके अलावा 15 में से बाकी क्रिकेटरों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।