तमिलनाडु क्रिकेट संघ की आंतरिक जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पिछले टीएनपीएल टी20 टूर्नामेंट के दौरान मैच फिक्सिंग के आरोपों में कोई भी घटना कार्रवाई लायक नहीं लगी। टीएनसीए के मानद सचिव आर एस रामास्वामी ने समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए फिक्सिंग के आरोपों को खारिज किया।
टीएनपीएल तब मुश्किल में घिर गई थी जब कुछ प्रथम श्रेणी क्रिकटर और कोच संदिग्ध मैच फिक्सिंग के लिए बीसीसीआई भ्रष्टाचार रोधी इकाई के दायरे में आ गए थे।
मामले की शुरुआत तब हुई जब टीएनपीएल 2019 ऑडिशन के दौरान कुछ खिलाड़ियों ने अनजान लोगों से वॉट्सऐप पर संदेश आने की बात बताई थी। इसके बाद बीसीसीआई की भ्रष्टाचार रोधी इकाई ने खिलाड़ियों के बयान दर्ज किए और इन मेसेज को भेजने वालों का पता लगाने की कोशिश की थी।
बता दें कि तमिलनाडु प्रीमियर लीग को तमिलनाडु क्रिकेट संघ के अंतर्गत 2016 में शुरू किया गया था, जिसमें आठ फ्रैंचाइजी टीम हिस्सा लेती हैं।