सिडनी सिक्सर्स ने रोमांचक मुकाबले में टाइटंस को दो विकेट से हराकर चैंपियंस लीग के फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला हाईवेल्ड लायंस से होगा। टाइटंस ने सिक्सर्स के समाने जीत के लिए 164 रन का लक्ष्य रखा, जिसे सिडनी की टीम ने 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आखिरी ओवर में सिडनी को जीत के लिए 8 रन की दरकार थी। पैट कमिंस (14नाबाद) ने आखिरी गेंद पर रन लेकर सिडनी को जीत दिला दी। माइकल लंब ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। अल्फोंस थॉमस ने दो विकेट झटके। सिडनी के स्टीव ओ कीफे को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। उन्होंने किफायती गेंदबाजी(4 ओवर में 19 रन) के अलावा 32 रनों की पारी खेली।
टाइंटस ने बनाए 163 रन बनाए
इससे पहले टॉस जीतकर टाइंटस ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टाइटंस की शुरुआत खराब रही। जैक्स रुडोल्फ एक रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। इसके बाद नियमित अंतराल पर टाइटंस के विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा। लेकिन एक ओर छोर पर टिक ओपनर हेनरी डेविड्स ने डेविड वाइज के साथ छठवें विकेट के लिए नाबाद 81 रन की साझेदारी कर टाइटंस के स्कोर पर 5 विकेट पर 163 रन पहुंचाया। हेनरी ने 44 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के से नाबाद 59 रन बनाए जबकि वाइज ने नाबाद 61 रन की पारी खेली, जिसमें उनके 6 चौके और 4 छक्के हैं। मिचेल स्टॉर्क ने 33 रन देकर दो विकेट झटके।