फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BAN vs NZ: टिम साउदी का कमाल; पूरे स्पेल में नहीं दिया कोई रन, लगातार पांच मेडन ओवर किए, छठे में समेट दी पारी

Wed, 06 Dec 2023 10:31 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ढाका

सार

साउदी ने बांग्लादेश के स्पिन पिच पर शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अपने पूरे स्पेल में कोई रन नहीं दिया और बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा। अंत में शोरिफुल को आउट कर बांग्लादेश की पारी भी खत्म की।
 
विज्ञापन
टिम साउदी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच में कीवी टीम के कप्तान टिम साउदी ने शानदार गेंदबाजी की। एशियाई पिचों पर तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती है। खासकर बांग्लादेश ऐसी पिचों के लिए जाना जाता है, जहां स्पिन गेंदबाजों को भरपूर मदद होती, लेकिन तेज गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं होता। इसी वजह से बांग्लादेश के दौरे पर पहले मैच में कीवी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, दूसरे मैच में न्यूजीलैंड बेहतर तैयारी के साथ उतरा और बांग्लादेश को कड़ी चुनौती दे रहा है। 
विज्ञापन


इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान टिम साउदी ने अपनी गेंदबाजी से सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने बांग्लादेश की पहली पारी में सिर्फ 32 गेंदें की और कोई रन नहीं दिया। उन्होंने लगातार पांच मेडन ओवर किए और शोरिफुल इस्लाम को आउट कर अपने छठे ओवर में बांग्लादेश की पारी समेट दी। साऊदी ने 5.2 ओवर में बिना कोई रन दिए एक विकेट लिया। उनका इकोनॉमी रेट शून्य का था, जो कि हैरान करने वाला है।

37 साल में पहली बार हुआ ऐसा
ऐसा बहुत कम होता है, जब किसी पारी का पहला ओवर करने वाला गेंदबाज पूरे स्पेल में बिना कोई रन दिए विकेट ले जाए। टिम साउदी सातवें गेंदबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट मैच में अपने स्पेल में कोई रन नहीं दिया। साउदी 1986 के बाद ऐसा अनोखा कारनामा करने वाले पहले गेंदबाज बने। ऑस्ट्रेलिया के पीटर स्लीप 37 साल पहले एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ एक भी रन नहीं देने वाले आखिरी गेंदबाज थे। इस खास उपलब्धि को हासिल करने वाले सात गेंदबाजों में तीन भारतीय खिलाड़ी हैं। मदन लाल, बापू नाडकर्णी और विजय हजारे। इसके अलावा, साउदी टेस्ट क्रिकेट इतिहास में बिना कोई रन दिए विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज हैं। नाडकर्णी और जॉन वार्डले इस गौरव वाले अन्य दो गेंदबाज थे।
विज्ञापन


मैच में क्या हुआ?
बांग्लादेश ने पहली पारी में 172 रन बनाए। मुश्फिकुर रहीम ने सबसे ज्यादा 35 रन का योगदान दिया। शाबादत हुसैन 31 और मेहदी हसन मिराज 20 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स ने तीन-तीन विकेट लिए। एजाज पटेल को दो विकेट मिले। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 55 रन बना लिए हैं। अब तक सबसे ज्यादा 13 रन कप्तान विलियम्सन ने बनाए हैं। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज ने तीन और तैजुल इस्लाम ने दो विकेट ले लिए हैं। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड को इन दोनों बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। वहीं, बांग्लादेश कीवी टीम को 100 रन के अंदर आउट कर अहम बढ़त लेना चाहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें