भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कोविड के प्रकोप को देखते हुए बीते साल बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में 11 कोचों के वार्षिक अनुबंध को नवीनीकृत नहीं किया था। जिनमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके पांच खिलाड़ी रमेश पवार, शिवसुंदर दास, ऋषिकेश कानित्कर, सुब्रतो बनर्जी और सुजीत सोमसुंदर शामिल थे। वहीं अब बीसीसीआई ने एनसीए के लिए बल्लेबाजी-गेंदबाजी और फील्डिंग कोच आवेदन मांगे हैं।
राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट के प्रमुख के पद के लिए आवेदन करने की समय सीमा 31 अगस्त तक बढ़ाने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण कोच के अलावा एनसीए में क्रिकेट शिक्षा के प्रमुख पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। जो राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के पदों पर आवेदन करने की अंतिम तारीख 10 सितंबर मुकर्रर की गई है। जिसके चलते यह स्पष्ट संकेत दिया गया है कि एनसीए कोविड की दोनों लहर और लॉकडाउन के कारण निष्क्रियता के संक्षिप्त समय के बाद पूरी तरह से फिर काम करने के लिए तैयार है।
हाल ही में एनसीए ने क्रिकेट कोचों के लिए स्तर 2 का हाईब्रिस कोर्स आयोजित किया जिसमें प्रतिभागी के तौर पर भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान, और युसूफ पठान, पूर्व ओपनर और चयनकर्ता देवांग गांधी, अभिषेक नायर, अशोक डिंडा, परवेज रसूल और नमन ओझा शामिल हुए। आठ दिन आनसाइट कोर्स के बाद इरफान पठान ने क्रिकट्रैकर से बात करते हुए कहा था कि पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ एनसीए में मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे थे।
राहुल द्रविड़ इकलौते ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने एनसीए में क्रिकेट प्रमुख के पद के लिए आवेदन किया है। उनके इस आवेदन से यह स्पष्ट हो गया कि वह राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के हेड कोच रवि शास्त्री की जगह नहीं लेंगे। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में इन पदों पर आवेदन के लिए आवेदक की उम्र 60 साल तय की गई है।