विश्व क्रिकेट के सर्वकालिक महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने कहा कि जीवन में किसी एक हीरो का होना जरूरी है और वह भी अपने बचपन के आदर्श विवियन रिचर्ड्स और सुनील गावस्कर का मिश्रण बनना चाहते थे।
यहां आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, "हर कोई अपनी एक पहचान बनाना चाहता है जो कि जरूरी भी है। जीवन में किसी हीरो का होना अच्छा है। जब मैं बचपन में बढ़ रहा था तो मेरे भी कई हीरो थे।"
सचिन ने कहा, "मैं विवियन रिचर्ड्स और सुनील गावस्कर का मिश्रण बनना चाहता था। इसलिए मौजूदा पीढ़ी के लिए जरूरी है कि जीवन में किसी न किसी को अपना हीरो माने और कोशिश करे कि अपने उस हीरो के अधिक से अधिक करीब पहुंचे। हीरो हमेशा हीरो रहता है और ऐसा ही होना चाहिए।"
40वें जन्मदिन पर काटा 40वां केक
इसी हफ्ते बुधवार को अपना 40वां जन्मदिन मना चुके सचिन ने यहां भी अपने जन्मदिन का केक काटा जो पिछले चार दिन में उनके जन्मदिन पर काटा गया 40वां केक था। सचिन ने केक काटने के बाद कहा, "यह 40वां केक है जिसे मैं अब तक काट चुका हूं। अब हमें केक काटना बंद कर देना चाहिए।"
पोंटिंग के साथ साझा कर रहे सुझाव
आईपीएल के मौजूदा सत्र में सचिन और पूर्व आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रहे हैं। सचिन से जब पूछा गया कि क्या वह पोंटिंग के साथ सुझाव साझा करते हैं तो उन्होंने कहा, "हां, हम दोनों आपस में सुझाव साझा करते हैं। हम एक ही टीम में हैं। हमारा लक्ष्य भी एक ही है। जब आप एक ही टीम में होते हैं तो आपको अपना हर सुझाव साझा करना होता है और हर टीम को ऐसा करना चाहिए।" सचिन ने कहा कि वह और पोंटिंग घरेलू क्रिकेटर के साथ यहां अपना अधिकांश अनुभव साझा करते हैं।