आईपीएल के दसवें सीजन के उद्घाटन समारोह में शरीक होने के बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल को लेकर एक बड़ा बयान दिया। सचिन ने कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि आईपीएल इतना बड़ा हो जाएगा। सचिन ने नॉन क्रिकेटिंग नेशन में क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने में आईपीएल के योगदान की प्रशंसा की।
सचिन ने कहा, मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि आईपीएल ने 10 साल पूरे कर लिए हैं। यह एक बड़ी उपलब्धि है। यह दर्शकों के सहयोग और प्यार के बिना संभव नहीं हो सकता था। 2007 में जब आईपीएल की घोषणा हुई थी और 2008 में जब पहली बार आयोजन हुआ, ईमानदारी से कहूं तो तब मैंने ये नहीं सोचा था कि धीरे-धीरे यह इतना बड़ा हो जाएगा। यह भारत के लिए गर्व का विषय है कि आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट की शुरुआत भारत में हुई और जिसे पूरी दुनिया ने नोटिस किया। मैंने कभी नहीं सोचा थी कि यह इतना कंप्टीटिव होगा। जैसे जैसे ये आगे बढ़ा इसमें टीमों के बीच जीत के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ती चली गई और एक अलग स्तर पर पहुंच गई।
मुंबई के लिए आईपीएल के 7 सीजन खेलने वाले मास्टर ब्लास्टर ने कहा, दर्शकों को इसमें मजा आ रहा है। इसके अलावा आईपीएल से एक अच्छी बात यह हुई कि इसके माध्यम से क्रिकेट उन देशों में भी पहुंच गया जहां लोगों का क्रिकेट से कोई लेना-देना नहीं था। आईपीएल के कारण खिलाड़ियों के माइंड सेट में बहुत बदलाव हुआ है। अब खिलाड़ी ज्यादा सकारात्मक और आक्रामक हो गए हैं। लेकिन गेंदबाजों को भी ये मालूम है कि उन्हें किस तरह डिफेंसिव और लाइन-लेंथ में गेंदबाजी करनी है।
सचिन ने कहा आईपीएल से सबसे ज्यादा भारत के युवा खिलाड़ियों को हुआ है। उन्हें आईपीएल के कारण दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर क्रिकेट के गुर सीखने का मौका मिल रहा है।