आयरलैंड को 2-0 से क्लीन स्वीप करने बाद टीम इंडिया आईसीसी टी-20 रैंकिंग में एक पायदान ऊपर उठकर दूसरे नंबर पर आ गई है। टीम इंडिया 123 रेटिंग के साथ पाकिस्तान के बाद तीसरे नंबर से दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। बता दें कि पाकिस्तान 131 रेटिंग के साथ पहले नंबर पर बनी हुई है।
इंग्लैंड के खिलाफ 3 जुलाई से शुरू हो रही तीन मैचों की टी-20 सीरीज में टीम इंडिया के पास पाकिस्तान को पीछे छोड़ पहले नंबर पर कब्जा करने का मौका होगा। वहीं, जिम्बाब्वे और पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 ट्राई सीरीज खेलने जा रही ऑस्ट्रेलिया टीम खिसककर तीसरे नंबर पर आ गई है। कंगारू टीम इस ट्राई सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर रैंकिंग में सुधार करना चाहेगी। इसके लिए उन्हें पाकिस्तान को हराना होगा।
यदि खिलाड़ियों की बात करें तो टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैचों में फ्लॉप होने के बाद भी बल्लेबाजों की रैंकिंग में 8वें नंबर पर बने हुए हैं। दूसरे टी-20 में अर्धशतकीय पारियां खेलने वाले केएल राहुल और पहले मैच में 97 रन की धमाकेदार पारी खेलने वाले रोहित शर्मा क्रमशः 12वें और 13वें नंबर पर हैं।
वहीं, हिटमैन रोहित के साथ शानदार पारी खेलने वाले शिखर धवन 17वें नंबर पर बने हुए हैं। टी-20 गेंदबाजों की सूची में युजवेंद्र चहल तीसरे, जसप्रीत बुमराह 10वें नंबर पर हैं। आयरलैंड के खिलाफ टी-20 मैच में चोटिल होकर बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।