टीम इंडिया के ऐतिहासिक पहले डे-नाइट टेस्ट की मेजबानी हैदराबाद या राजकोट को मिल सकती है। बता दें कि टीम इंडिया अपना पहला डे-नाइट टेस्ट इस साल अक्टूबर-नवंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेल सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को घरेलू सीरीज के कार्यक्रम तय करते हुए इस बात की जानकारी दी।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, 'अगर प्रशासकों की समिति (COA) मंजूरी देती है, तो हैदराबाद या राजकोट में से किसी एक स्थान पर डे-नाइट टेस्ट आयोजित किया जा सकता है।'
बता दें कि टीम इंडिया इस साल घर में सिर्फ तीन टेस्ट खेलेगी। जून में वह अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक पहला टेस्ट खेलेगी। इसके बाद
वेस्टइंडीज के खिलाफ वह दो टेस्ट खेलेगी। टीम इंडिया नवंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली पांच वन-डे मैचों की सीरीज क्रमशः मुंबई, गुवाहाटी, कोच्चि, इंदौर और पुणे में खेलेगी।
यह सीरीज कोलकाता, चेन्नई, कानपुर में तीन टी-20 इंटरनेशनल मैचों के साथ समाप्त होगी। कोलकाता में होने वाला टी-20 चार नवंबर को खेला जाएगा, लेकिन अन्य दो मैचों की तारीखों की जानकारी नहीं है।
टीम इंडिया टी-20 सीरीज के बाद दो महीने के लंबे दौरे के लिए
ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी। वह फिर फरवरी- मार्च 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच वनडे और दो टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए मेजबानी करेगा।
पांच वनडे मोहाली (24 फरवरी), हैदराबाद (27 फरवरी), नागपुर (2 मार्च), दिल्ली (5 मार्च) और रांची (आठ मार्च) को खेले जाएंगे। दो टी-20 इंटरनेशनल मैच 10 मार्च को बेंगलुरू में और 13 मार्च को विशाखापत्तनम में खेले जाएंगे।