वर्ल्ड कप क्रिकेट सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से 95 रनों से हार जाने के बाद टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। अब रविवार को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया का फ़ाइनल मुक़ाबला न्यूज़ीलैंड से होगा।
लेकिन इस वर्ल्ड कप के शुरू होने से पहले जहां टीम इंडिया एक जीत के लिए तरस रही थी, यह बात ताज्जुब कर देने वाली है कि कैसे वह टीम 14 टीमों को पार कर टॉप 4 में पहुंच गई। वर्ल्ड कप से पहले तो टीम इंडिया के सेमीफाइनल तक पहुंचने को लेकर क्रिकेट पंडित तक गंभीर नहीं थे। वहीं, सेमीफ़ाइनल से पहले भारत ने लगातार सात मैच जीते और एक नया भरोसा हासिल किया।
पूल मैचों और क्वार्टर फ़ाइनल में ज़बरदस्त प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अपनी चिर-प्रतिद्द्वी टीम पाकिस्तान को शिकस्त देकर वर्ल्ड कप का इतिहास कायम रखा। इतना ही नहीं दक्षिण अफ्रीका की जीत के तिलिस्म को तोड़ने में भी कामयाबी हासिल की। भारत वर्ल्ड कप के इतिहास में दक्षिण अफ्रीका पर कभी जीत हासिल नहीं कर पाया था।