टीम इंडिया इस बार ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की धरती पर वर्ल्ड कप में अपना खिताब बचाने के अभियान में मैदान पर उतरी है और अपने इस मिशन में भारतीय टीम ने पहला चरण सौ फीसदी रिजल्ट के साथ पार भी कर लिया है।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया ने लीग चरण में खेले अपने सभी 6 मैच जीत लिए हैं। अपने इस जीत में उसने जिम्बाब्वे को हराने से पहले चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, यूएई, वेस्टइंडीज और आयरलैंड को धूल चटाया। भारत ने पिछले पांचों मैच बेहद आसानी से जीत लिया था, लेकिन अंतिम लीग मैच में उसे जिम्बाब्वे जैसी टीम ने जोरदार चुनौती दे डाली।
रोमांचक मुकाबले में एक बार भारत पर हार का संकट भी मंडरा रहा था जब उसके 4 विकेट महज 92 रन पर ही गिर गए थे, लेकिन सुरेश रैना ने शानदार शतक जमाने के साथ ही कप्तान धोनी संग 196 रनों की बड़ी साझेदारी कर संकट को टाल दिया और शानदार जीत दिला दी। टीम इंडिया की वर्ल्ड कप में यह लगातार 10वीं जीत भी है।
भारत खिताब बचाने का अपना दूसरा चरण अगले हफ्ते से शुरू करेगा जहां उसे टूर्नामेंट का नॉकआउट दौर खेलना है। अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले की बात की जाए तो अफ्रीकी टीम पर मिली रोमांचक जीत में भारत के लिए 6 अंकों का योगदान गजब का है। आइए, जानते हैं कि किस तरह से है 6 का योगदान इस मैच में भारत के लिए।