टीम इंडिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी पांच मैचों की सीरीज के अंतिम दो मैचों में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को बरकरार रखना चाहिए। हरभजन के मुताबिक भले ही टीम इंडिया सीरीज जीत गई हो, लेकिन अंतिम दो वन-डे के लिए टीम में बदलाव करने की जरुरत नहीं है।
भज्जी ने युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की जमकर तारीफ की और दोनों को मैच विजयी गेंदबाज करार दिया। उन्होंने कहा, 'कुलदीप और चहल दोनों ही विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। दोनों ही गेंद को फ्लाइट कराने से नहीं घबराते। दोनों की विशेषता यही है कि बल्लेबाजों को उनका सामना करने में तकलीफ होती है।
हरभजन ने आगे कहा, 'दोनों ही गेंदबाजों को शेष मैचों में भी बरकरार रखना चाहिए। दोनों युवा हैं, दोनों को खेलने का जितना मौका मिलेगा ये टीम और उनके लिए ही अच्छा होगा। अगर आप उन्हें रेस्ट देकर किसी और खिलाड़ी को मौका देते हैं तो इससे उनके आत्मविश्वास में कमी आएगी। जब आप अच्छा खेल रहे होते हैं तो जरूरत होती है कि आप ज्यादा से ज्यादा मैच खेलें। मेरे मुताबिक दोनों ही खिलाड़ियों को हर मैच खेलने चाहिए। फिर भले ही वो वन-डे हो या फिर टी20 और भविष्य में टेस्ट भी।'
आपको बता दें कि युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की जोड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जमकर कहर ढा रही है। दोनों ने मिलकर पहले 3 वन-डे में कुल 13 विकेट चटकाए हैं। चहल की बात करें तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 3 वन-डे मैचों में (3, 1, 1) विकेट लिए हैं। तो वहीं कुलदीप ने पहले 3 वन-डे मैचों में (2, 3, 2) विकेट अपने नाम किए हैं। कुलदीप ने दूसरे मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास भी रच दिया था। वहीं चहल ने मैक्सवेल को लगातार तीन मैचों में अपना शिकार बनाया।