इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ज्योफ्री बॉयकॉट ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय क्रिकेट टीम के लिए वरदान बताया है। बॉयकॉट ने कहा, 'भारतीय क्रिकेट टीम औसत दर्जे की है, इसमें महेंद्र सिंह धोनी का कप्तान के तौर पर होना किसी वरदान से कम नहीं है।'
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बॉयकॉट ने कहा, भारतीय टीम मौजूद समय में औसत दर्जे की है। इसमें अच्छे तेज गेंदबाजों और स्पिनरों की कमी है। कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों के समय से पहले संन्यास लेने के चलते टीम इंडिया कमजोर हो गई है। ऐसे में किसी कप्तान की गुणवत्ता उस टीम के हार या जीत से नहीं आंकी जानी चाहिए। धोनी में एक कप्तान के रूप में गुणवत्ता की कोई कमी नहीं है, वह बेहतरीन हैं।'
बॉयकॉट ने कहा कि राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण पहले ही रिटायरमेंट ले चुके हैं जबकि सचिन तेंदुलकर के बल्ले से भी रन नहीं निकल रहे हैं। इसमें धोनी की कोई गलती नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैं लोगों को टीम की हार और जीत के हिसाब से नहीं आंकता हूं। लेकिन आपको टीम को देखने की जरूरत होती है। मुझे लगता है कि टीम इंडिया बेहद भाग्यशाली कि उनके पास धोनी हैं।'
वनडे में धोनी का तोड़ नहीं
बॉयकॉट ने कहा कि मुझे लगता है कि धोनी एक बेहतरीन वनडे कप्तान हैं। अन्य लोगों की तरह मेरा भी मानना है कि उनमें नेतृत्व की अच्छी क्षमता है। लेकिन टेस्ट में वह इतने अच्छे नहीं हैं, हालांकि टीम में इस समय ऐसा कोई अन्य खिलाड़ी भी नहीं है जिसे कप्तानी सौंपी जा सके।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में ।-3 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी टीम इंडिया के बारे में बॉयकॉट ने कहा कि आपकी टीम में अच्छे खिलाड़ी हो सकते हैं लेकिन यदि अन्य बातों पर गौर किया जाए तो भारतीय टीम इस समय बेहद ही औसत दर्जे की टीम है। ऐसे में अगर भारतीय टीम हारती भी है तो इसका दोष कप्तान धोनी को देना नाइंसाफी है।