टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और चयनकर्ता दिलिप वेंगसरकर ने मुंबई के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को सफलता का मंत्र दिया है। उन्होंने मुंबई के इस युवा बल्लेबाज को सलाह दी कि यदि वह भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं, तो उन्हें अपना ध्यान खेल पर केंद्रित करना होगा।
यह बात पूर्व मुख्य चयनकर्ता वेंगसरकर ने बंबई जिमखाना में मुंबई खेल पत्रकार संघ के पुरस्कार समारोह के दौरान कही। उन्होंन कहा, 'मैंने पृथ्वी को ज्यादा खेलते हुए नहीं देखा है। मगर उसके बारे में काफी सुना है कि वह अच्छा खिलाड़ी है। यदि वह कड़ी मेहनत करता है और अपना ध्यान केंद्रित रखता है, तो वह भारत के लिए खेलेगा।'
पढ़ेंः- दिलीप ट्रॉफी फाइनल में 17 साल के पृथ्वी शॉ ने किया बड़ा धमाका, पहले भी बनाया था रिकार्ड
गौरतलब है कि रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी में पदार्पण करते हुए शतक जड़ने वाले पृथ्वी को साल के सर्वश्रेष्ठ जूनियर क्रिकेटर का पुरस्कार दिया गया। वेंगसरकर ने कहा, 'मुंबई के पूर्व चयनकर्ता मिलिंद रेगे और मुंबई के पूर्व कोच चंद्रकांत पंडित ने मुझसे पूछा कि हमें किसे चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पृथ्वी काफी युवा है। उसे मौका दिया गया और अपने पहले ही मैच में उसने शतक जड़ दिया।'