भारत को इस महीने तीन टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है। इस दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम का तो एलान हो चुका है, लेकिन अभी तक भारतीय टीम की घोषणा नहीं हुई है। पूर्व भारतीय ओपनर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस दौरे के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी है। इस टीम से उन्होंने टेस्ट उपकप्तान अजिंक्य रहाणे और ओपनर शुभमन गिल को बाहर कर दिया है।
रोहित-राहुल को ओपनिंग की जिम्मेदारी
आकाश ने साथ ही अपने यू- ट्यूब चैनल पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन भी घोषित की। उन्होंने ओपनर के तौर पर रोहित शर्मा और केएल राहुल को टीम में जगह दी है। वहीं, बैकअप के तौर पर मयंक अग्रवाल को रखा है। आकाश ने कहा कि रोहित और राहुल ने इंग्लैंड दौरे पर बतौर ओपनर अच्छा प्रदर्शन किया था। यही वजह है कि दक्षिण अफ्रीका में इन दोनों को ओपनिंग करनी चाहिए। आकाश ने नंबर पर चेतेश्वर पुजारा को एक और मौका दिया है।
पुजारा पर सीरीज में काफी दबाव होगा
उन्होंने कहा कि पुजारा पर काफी दवाब होगा और उनके लिए यह सीरीज काफी अहम रहने वाला है। आकाश ने कहा कि नंबर चार पर खुद कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजी करेंगे और उन्हें हर हाल में फॉर्म में वापसी करनी होगी और शतक जमाना होगा। आकाश ने कहा कि नंबर पांच पर रहाणे को अब मौका नहीं दिया जाएगा। ऐसे में उन्होंने श्रेयस अय्यर को चुना है। श्रेयस ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में शतक जमाया था।
अश्विन और जडेजा दोनों को दिया मौका
इसके अलावा आकाश ने कहा कि छठे नंबर पर ऋषभ पंत बल्लेबाजी करेंगे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की पिच पर अश्विन और रवींद्र जडेजा दोनों को मौका दिया है। इसके अलावा आकाश ने तीन तेज गेंदबाजों को भी प्लेइंग-11 में जगह दी है। इसमें जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज शामिल हैं। बाकी चार खिलाड़ियों में उमेश यादव, मयंक अग्रवाल, शार्दुल ठाकुर और हनुमा विहारी शामिल हैं।
ऋद्धिमान साहा को नहीं किया शामिल
आकाश ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को भी 15 सदस्यीय स्क्वॉड में शामिल नहीं किया है। केएल राहुल को ही बैकअप विकेटकीपर के तौर पर रखा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच 26 दिसंबर को सेंचुरियन में खेला जाएगा। भारतीय चयनकर्ताओं ने अब तक स्क्वॉड का एलान नहीं किया है और बुधवार को इसकी घोषणा की जा सकती है।
टेस्ट मैच के लिए आकाश की चुनी गई भारतीय प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज
टेस्ट सीरीज के लिए आकाश की चुनी गई भारतीय टेस्ट टीम
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, श्रेयस अय्यर, शार्दुल ठाकुर, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, अश्विन, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी