बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान किया। इस दौरान सिलेक्टर्स ने वनडे टीम के नए कप्तान रोहित शर्मा की घोषणा की। हिटमैन को विराट कोहली की जगह टीम का कप्तान बनाया गया है। रोहित के वनडे कप्तान बनने के बाद अब उनका 10 साल पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है। जैसा कि कहा जाता है कि इंटरनेट पर कभी भी कुछ भी छिपा नहीं है, साल 2011 में रोहित द्वारा किया गया यह ट्वीट इस तथ्य को प्रमाणित करता है। रोहित शर्मा को साल 2011 क्रिकेट विश्व कप टीम में जगह नहीं मिली थी जिसके बाद उन्होंने यह निराशाजनक ट्वीट किया था।
रोहित को नहीं मिली थी 2011 विश्व कप टीम में जगह
साल 2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिेए जब भारतीय टीम का एलान हुआ था तो उसमें हिटमैन को शामिल नहीं किया गया था। जिसके बाद रोहित ने निराशा व्यक्त करते हुए ट्वीट कर लिखा था, विश्व कप टीम टीम में न चुने जाने से मैं बहुत-बहुत निराश हूं, लेकिन मुझे आगे बढ़ने की जरूरत है, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो यह मेरे लिए एक बहुत बड़ा झटका था।
टीम में क्यों नहीं मिली थी रोहित को जगह
रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड ने कहा, रोहित विश्व कप ट्रॉफी पर हाथ रखने से चूक गए। उनके बचपन के कोच बताया कि उन्हें क्यों छोड़ दिया गया और इस फैसले का उनके वार्ड पर क्या प्रभाव पड़ा। उन्होंने कहा, 2007-2009 तक उन्होंने अच्छा खेला और जिम्बाब्वे के खिलाफ दो शतक लगाए थे, उसके बाद 2009 और 2011 के दरम्यान प्रसिद्धि और पैसे के कारण वह डायवर्ट हो गए, वह क्रिकेट पर फोकस नहीं कर रहे थे। जिसके चलते उन्हें 2011 विश्व कप से हटा दिया गया था क्योंकि उस दौरान वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे थे।
रोहित घर बुलाकर दी थी सलाह
हिटमैन के बचपन के कोच दिनेश लाड ने आगे कहा, यह उनके लिए बेहद चौंकाने वाला था, मैंने रोहित को अपने घर बुलाया और कहा सुनो रोहित, तुम्हें पता है कि रोहित यहां सिर्फ क्रिकेट की वजह से क्यों है, आपको क्रिकेट से प्रसिद्धि पैसा सब कुछ मिला। लेकिन अब आप अपने क्रिकेट की देखभाल नहीं कर रहे हैं, इसलिए मैं आपसे अनुरोध कर रहा हूं, बस अभ्यास करना शुरू कर दें, विराट कोहली आपके पीछे आए और वह 2011 विश्व कप टीम में हैं, फर्क देखें अब आपको अपने क्रिकेट की देखभाल करनी है।