फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का हो गया ऐलान

विज्ञापन
विज्ञापन
एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप के लिए शुक्रवार को टीम इंडिया का चयन कर दिया गया। टीम में चोटिल तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी हो गई है। शमी की वापसी हैरान करने वाली रही क्योंकि उन्होंने चोट के कारण लंबे समय से कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं खेला है।
विज्ञापन


दूसरी ओर, लंबे समय से टीम इंडिया में वापसी की राह जोह रहे तेज गेंदबाज इरफान पठान को निराशा हाथ लगी। उन्हें हाल में किए अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर वापसी की उम्मीद थी लेकिन वह चयनकर्ताओं को लुभाने में नाकाम रहे। वह करीब 3 साल से टीम इंडिया से दूर हैं। ऑस्ट्रेलिया में एक भी टी-20 मैच नहीं खेलने वाले अनुभवी फिरकी गेंदबाज हरभजन सिंह भी अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे।

संदीप पाटिल की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय चयन समिति ने बांग्लादेश में होने वाले आगामी एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट और टी-20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम में सिडनी वनडे में शतक लगाने वाले बल्लेबाज मनीष पांडे का नाम नहीं है।
विज्ञापन


चुनी गई भारतीय टीम में 6 बल्लेबाज हैं, जबकि 3 ऑलराउंडर को भी रखा गया है। जहां तक गेंदबाजी विभाग का सवाल है तो 15 सदस्यीय टीम में 3 फिरकी तो 3 तेज गेंदबाज रखे गए हैं।

वर्ल्ड कप में नहीं पर श्रीलंका के खिलाफ खेलेंगे पांडे

दो अहम टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया के चयन के मद्देनजर सातवें क्रम के लिए अजिंक्य रहाणे और मनीष पांडे में से किसी एक को चुनने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन रहाणे का अनुभव काम आया और वह 15 सदस्यीय टीम में जगह बनाने में कामयाब हो गए।

मनीष सिडनी में खेले वनडे मैच में रहाणे के चोटिल होने के बाद टीम में लौटे और शतक ठोंका था। उनकी शतकीय पारी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया में लगातार हार के सिलसिले को खत्म किया था, लेकिन उनके लिए आज का दिन निराशाजनक रहा। हालांकि उन्हें वर्ल्ड कप और एशिया कप के बजाय श्रीलंका के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज के लिए टीम में रखा गया है। वह विराट कोहली की जगह टीम का हिस्सा होंगे। साथ-साथ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में लौटे हैं। जबकि भुवनेश्वर कुमार को बाहर कर दिया गया।

वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम इंडियाः महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, सुरेश रैना, युवराज सिंह, अजिंक्य रहाणे, रविंद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह, आशीष नेहरा, पवन नेगी और मोहम्मद शमी।

टी-20 वर्ल्ड कप से पहले होगा एशिया कप

टीम इंडिया 9 फरवरी से अपने घरेलू सरजमीं पर श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी जिसके बाद यहीं पर टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन होगा। लेकिन वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप का आयोजन 24 फरवरी से छह मार्च तक बांग्लादेश में किया जाएगा। इससे पहले चार टीमें 19 से 22 फरवरी तक क्वालीफाइंग मुकाबले भी खेलेंगी।

धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया एशिया कप के अपने पहले मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश से मीरपुर में भिड़ेगी जिसके बाद 27 फरवरी को वह पाकिस्तान से जबकि एक मार्च को वह श्रीलंका से खेलेगी।

तीन मार्च को भारत का सामना क्वालीफायर टीम से होगा। एशिया कप पहली बार टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। इससे पहले यह 50 ओवरों का खेला जाता था। एशिया कप के बाद भारत में टी-20 वर्ल्ड कप आठ मार्च से शुरू हो जाएगा। मेजबान टीम अपने पहले मुकाबले में नागपुर में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।
विज्ञापन

वुमेन टी-20 वर्ल्ड कप के लिए मिताली को कमान

ऑस्ट्रेलिया पर एतिहासिक सीरीज दर्ज करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मार्च-अप्रैल में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए चुना गया है। भारतीय टीम की कमान एक बार फिर मिताली राज को सौंपी गई है।

पिछले महीने भारतीय महिलाओं ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज जीत इतिहास बनाया था। टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है।

भारतीय महिला टीम : मिताली राज (कप्तान), झूलन गोस्वामी, स्मृति मनधाना, वेद कृष्णमूर्ति, हरमनप्रीत कौर, शिखा पांडेय, राजेश्वरी गायकवाड, सुषमा वर्मा, पूनम यादव, वीआर वनिता, अनुजा पाटिल, एकता बिष्ट, थरुशकामिनी एमडी, दीप्ति शर्मा, निरंजना नागराजन।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें