दिनेश कार्तिक की टीम में वापसी आईपीएल के ही प्रदर्शन के आधार पर हुई। वहीं, अर्शदीप सिंह जैसे सितारे भी आईपीएल की ही देन हैं। हार्दिक पांड्या भी आईपीएल के जरिये ही टीम में आए थे। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस बार जो टीम टी-20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई है, उसमें कौन सी टीम से कितने खिलाड़ी हैं।
भारतीय टीम
- फोटो : अमर उजाला
2022 टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 16 अक्तूबर से हो रही है। एक समय टीम इंडिया में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाड़ियों का दबदबा हुआ करता था। धीरे-धीरे ये दौर बदला। अब टी-20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई टीम में आठ फ्रैंचाइजियों के खिलाड़ी शामिल हैं। हैरान करने वाली बात तो यह है कि आईपीएल 2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस की टीम का सिर्फ एक खिलाड़ी टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करता दिखेगा।
मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाड़ियों का दबदबा है। इन दोनों टीमों के सबसे ज्यादा तीन-तीन खिलाड़ी वर्ल्ड कप के लिए चुने गए हैं। एमआई से कप्तान रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया में हैं। वहीं, आरसीबी से विराट कोहली, दिनेश कार्तिक और हर्षल पटेल को वर्ल्ड कप के लिए चुना गया है।
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ सुपरजाएंट्स (LSG),दिल्ली कैपिटल्स (DC) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के दो-दो खिलाड़ी टीम इंडिया में हैं। लखनऊ से केएल राहुल और दीपक हुड्डा को टीम इंडिया में चुना गया है। वहीं, रवि बिश्नोई रिजर्व के तौर पर शामिल किए गए हैं।
वहीं, दिल्ली से ऋषभ पंत और ऑलराउंडर अक्षर पटेल टीम का प्रतिनिधित्व करते दिखेंगे। आईपीएल 2022 की रनर अप टीम राजस्थान के भी दो खिलाड़ियों को भारतीय टीम में जगह मिली है। ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल विश्व कप में नजर आएंगे।
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम
- फोटो : अमर उजाला
तीन टीमें ऐसी भी हैं जिनके सिर्फ एक-एक खिलाड़ी को टीम इंडिया में जगह मिली है। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स और आईपीएल चैंपियंस गुजरात टाइटंस की टीम शामिल है। सनराइजर्स से तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, पंजाब से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और गुजरात से हार्दिक पांड्या टी-वर्ल्ड कप में नजर आएंगे। गुजरात के ही तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को रिजर्व के तौर पर टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
एक समय टीम इंडिया में दबदबा बनाने वाली चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का एक भी खिलाड़ी नहीं है। हालांकि, दीपक चाहर रिजर्व खिलाड़ी हैं। वहीं, दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से भी किसी खिलाड़ी को टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया है। श्रेयस अय्यर को रिजर्व के तौर पर टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ियों का अनुभव
- फोटो : अमर उजाला
इस साल टी-20 विश्व कप के मेन स्टेज में 12 टीमें हिस्सा लेंगी। शुरुआत में आठ टीमों के बीच क्वालिफायर खेला जाएगा। इसके बाद चार टीमें सुपर-12 राउंड के लिए क्वालिफाइंग करेंगी। भारत समेत आठ टॉप टीम पहले ही सुपर-12 राउंड के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। भारतीय टीम अपने पहले मैच में 23 अक्तूबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी।
सुपर-12 के लिए किस टीम को किस ग्रुप में रखा गया
| ग्रुप-1 |
ग्रुप-2 |
- ऑस्ट्रेलिया
- अफगानिस्तान
- इंग्लैंड
- न्यूजीलैंड
- A1
- B2
|
- बांग्लादेश
- भारत
- पाकिस्तान
- दक्षिण अफ्रीका
- B1
- A2
|