ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप अब अपने अंतिम चरण में है। पहले दौर के बाद सुपर-12 के सारे मुकाबले हो चुके हैं। उसके बाद पहला सेमीफाइनल भी समाप्त हो चुका है। इसमें पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया है। अब दूसरा सेमीफाइनल मैच भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को एडिलेड में खेला जाएगा। इस मैच पर बारिश का साया है।
इस टूर्नामेंट में कुल सात मैचों पर बारिश का असर देखने को मिला। इनमें से चार मुकाबले रद्द हो गए। अब प्रशंसकों को इस बात की चिंता है कि कहीं भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल और फाइनल में बारिश न खलल डाल दे। अगर बाकी बचे दो मैचों में बारिश आती है तो क्या होगा? दरअसल, आईसीसी ने सेमीफाइनल और फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे रखा है। अगर पहले दिन मैच पूरा नहीं हो पाता है तो अगले दिन मुकाबला वहीं से शुरू होगा।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, कप्तान रोहित शर्मा हुए चोटिल
सेमीफाइनल के दिन मैच पूरा नहीं होता है तो जिस ओवर में खेल रुकेगा, अगले दिन वहीं से शुरू होगा। यदि किसी टीम ने पहले 11 ओवर में दो विकेट पर 80 रन बनाए और बारिश के कारण मैच उस दिन नहीं हो पाया तो वही टीम अगले दिन उसी स्कोर से आगे खेलना शुरू करेगी। अगर दूसरे दिन भी बारिश हुआ और मैच पूरा नहीं हुआ तो सुपर-12 में शीर्ष पर रहने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। इसका फायदा दूसरे सेमीफाइनल में भारत को होगा। इस तरह फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी। भारत ग्रुप-2 में आठ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा था।
ये भी पढ़ें: T20 WC: टी20 विश्व कप में अब तक स्टार रहे हैं ये खिलाड़ी, कोहली-सूर्या हमेशा चमके तो राहुल अहम मौके पर चले
नियम के अनुसार, बारिश आने के बाद कम से कम पांच-पांच ओवर का मैच नतीजे के लिए जरूरी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉकआउट मैचों में यह 10-10 ओवर कर दिया गया है। फाइनल मुकाबला रविवार (13 नवंबर) को होना है। उस मैच में अगर बारिश के कारण फैसला नहीं हो पाया तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप और वनडे वर्ल्ड कप में अब तक कभी संयुक्त विजेता देखने को नहीं मिला है।