थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट के रूप में नजर आए धोनी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। जिनमें माही थ्रोडाउन विशेषज्ञ के तौर पर नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह बल्लेबाजों को अभ्यास कराते दिखाई दे रहे हैं। एमएस धोनी टीम इंडिया के साथ बतौर मेंटोर जुड़ने के बाद काफी सक्रिय हैं। हाल ही में धोनी ने आईपीएल 2021 का खिताब जीतकर सीएसके को चौथी बार चैंपियन बनाया है। इंडियन प्रीमियर लीग के बाद धोनी भारतीय टीम से जुड़े। उसके बाद भारत ने अपने दोनों अभ्साय मैचों में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को एकतरफा मुकाबले में शिकस्त दी।
माही के आने से टीम को मिलेगा फायदा
टी-20 विश्व कप में एमएस धोनी का मेंटोर के रूप में टीम के साथ जुड़ना काफी अहम माना जा रहा है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने खुद इस बात को स्वीकार किया है कि धोनी के होने से टीम को काफी फायदा मिलेगा। धोनी के टीम से जुड़ने के बाद विराट ने कहा था, उनके पास काफी अनुभव है और वह खुद इस वातावरण में आने को उत्सुक हैं। विराट ने कहा था, जब हमने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी वह उस समय से हमारे मेंटोर हैं, उनके आने से उन युवा खिलाड़ियों को काफी फायदा मिलेगा जो पहली बार विश्व कप में शिरकत कर रहे हैं।