भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से होनी है। इस सीरीज के लिए टीम चयन से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली से बात कर सकते हैं। आईपीएल के दौरान चयनकर्ता 30 खिलाड़ियों पर नजर रखेंगे और इन्हीं खिलाड़ियों को विश्व कप टीम के लिए चुना जाएगा। अनुभवी रोहित शर्मा और विराट कोहली जून में विश्व कप खेलने के इच्छुक हैं। इस वजह से अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति की परेशानी बढ़ी हुई है।
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 के लिए टीम का चयन करने से पहले चयन समिति स्पष्ट होना चाहती है कि रोहित-विराट उनके प्लान में हैं या नहीं। रोहित और कोहली दोनों ने नवंबर 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से भारत के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेला है।
भारत के दो राष्ट्रीय चयनकर्ता, शिव सुंदर दास और सलिल अंकोला दक्षिण अफ्रीका में हैं और न्यूलैंड्स में दूसरे टेस्ट के दौरान अजीत अगरकर भी टीम इंडिया के साथ होंगे। ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय चयनकर्ता अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए टीम की घोषणा करने से पहले मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ-साथ टेस्ट और वनडे कप्तान रोहित शर्मा, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से बात करेंगे।
वेस्टइंडीज और संयुक्त राज्य अमेरिका में टी20 विश्व कप से पहले भारत में आईपीएल का आयोजन होगा। इस टूर्नामेंट के दौरान टी20 के 30 बेहतरीन खिलाड़ियों पर नजर रखी जाएगी। इन्हीं खिलाड़ियों से विश्व कप की टीम चुनी जाएगी। यह देखना बाकी है कि चयनकर्ता रोहित और कोहली दोनों को 11 जनवरी से मोहाली में शुरू होने वाली टी20 सीरीज के लिए चुनते हैं या सीधे आईपीएल के दौरान उनकी फॉर्म और फिटनेस की जांच करते हैं।
रोहित-विराट ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे टी20 विश्व कप का हिस्सा बनना चाहते हैं। 25 जनवरी से हैदराबाद में इंग्लैंड टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है। ऐसे में यह तय है कि अगर रोहित और विराट का चयन किया जाता है, तो भी वे दो से ज्यादा मैच नहीं खेलेंगे। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया, "सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या फिट नहीं हैं। अफगानिस्तान सीरीज से आपको कुछ नहीं पता चलेगा। सब कुछ आईपीएल के पहले महीने के आधार पर तय किया जाएगा।"
आईपीएल के दौरान खिलाड़ियों की निगरानी
बीसीसीआई अधिकारियों को पता है कि वे किसी भी फ्रेंचाइजी को यह नहीं बता सकते हैं कि किस खिलाड़ी का कार्यभार कैसे संभालना है। आईपीएल का समापन मई के आखिरी सप्ताह में होगा। इसके बाद जून में टी20 विश्व कप खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों का चयन आईपीएल फॉर्म के आधार पर ही होगा। सूत्र ने कहा, "बीसीसीआई कभी भी किसी फ्रेंचाइजी को किसी स्टार खिलाड़ी के कार्यभार का प्रबंधन करने के लिए नहीं कह सकता, जब तक कि यह चोट प्रबंधन का मामला न हो।" इसलिए ऐसी संभावना है कि आईपीएल के दो महीनों के दौरान कम से कम 25 से 30 खिलाड़ियों को चुना जाएगा और उन पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
आईपीएल के दौरान चोट या फिटनेस की समस्या हो सकती है और चयन समिति को हर स्थान के लिए दो खिलाड़ियों की आवश्यकता होगी, ताकि हर खिलाड़ी की जगह ठीक उसी स्तर और क्षमता वाली खिलाड़ी खेल सके। एकमात्र खिलाड़ी जिसकी जगह कोई विकल्प उपलब्ध नहीं होगा, वह मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या हैं।