श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने आगामी विश्व कप को देखते हुए अपनी टीम का एलान कर दिया। एसएलसी चयनकर्ताओं द्वारा घोषित की गई विश्व कप टीम का कप्तान दासुन शनाका को बनाया गया है। टी-20 विश्व कप की शुरुआत 17 अक्तूबर से होगी। इस बार विश्व कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में किया गया है। विश्व कप को देखते हुए एक के बाद एक देश अपनी टीम की घोषणा कर रहे हैं। हाल ही में श्रीलंका ने अपनी विश्व कप के लिए 19 अस्थाई खिलाड़ियों का चयन किया था। जिसमें अकिला धनंजय भी शामिल थे लेकिन 15 सदस्यीय टीम के एलान के बाद अकिला रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में चले गए हैं।
श्रीलंकाई चयनकर्ताओं द्वारा चुनी गई टी-20 विश्व कप टीम के कप्तान दासुन शनाका हैं। उनके अलावा धनंजय डि सिल्वा, कुसल परेरा जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है। जबकि 21 वर्षीय गेंदबाज महेश थीकशना के चयन से सभी आश्चर्यचकित हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में उन्हें बेहतरीन गेंदबाजी करने का इनाम मिला है। इसके अलावा प्रवीण जयविक्रमा को वर्ल्ड कप टीम में जगह दी गई है। खास बात यह है कि उन्होंने अभी तक एक भी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।
चंडीमल की वापसी
टी-20 विश्व कप के लिए घोषित की गई श्रीलंका की टीम में दिनेश चांडीमल की वापसी हुई है। उनकी वापसी से टीम को काफी मजबूती मिलेगी। इसके अलावा मौजूदा समय में श्रीलंका की टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेल रही है। जिसमें कप्तान दासुन शनाका, वनिंदु हसरंगा, दुष्मंथ चमीरा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
श्रीलंका की विश्व कप टीम
दासुन शनाका (कप्तान), धनंजय डि सिल्वा (उप-कप्तान), अविष्का फर्नांडो, चरित असलंका, भानुका राजपक्षा, कमिंडु मेंडिस, कुसल परेरा, दिनेश चांडीमल, वनिंदु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, लाहिरू मदुशंका, दुष्मंथा चमीरा, नुवान प्रदीप, महीश थीकशना, प्रवीण जयविक्रमा।
यात्री रिजर्व - लाहिरू कुमार, पुलिना थरंगा, बिनुरा फर्नांडो और अकिला धनंजया।