टी-20 क्रिकेट विश्व कप के लिए क्रिकेट विंडीज ने अपनी टीम का एलान कर दिया। इस बार टी-20 विश्व कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में किया है जिसकी शुरुआत 17 अक्तूबर से होगी। वेस्टइंडीज चयनकर्ताओं द्वारा घोषित की गई 15 सदस्यी टीम में रवि रामपॉल की छह साल बाद वापसी हुई है। इसके अलावा कुछ बड़े खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
रामपॉल की छह साल बाद वापसी
वेस्टइंडीज की टी-20 टीम में सबसे चौकाने वाला नाम तेज गेंदबाज रवि रामपॉल का है। उनकी छह साल बाद टीम में वापस आए हैं। रामपॉल 2012 टी-20 वर्ल्ड कप विजेता वेस्टइंडीज के सदस्य रहे थे। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2015 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। क्रिकेट विंडीज के चयनकर्ता रोजर हार्पर ने कहा, रामपॉल बहुत ही अनुभवी गेंदबाज हैं, उनके आने टीम की गेंदाबाजी मजबूत होगी वह पॉवर प्ले में विकेट आउट करने में माहिर हैं, इसके अलावा वह डेथ ओवर में भी अच्छी गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने आगे कहा, ऑलराउंडर रोस्टन चेज को विश्व कप टीम में जगह मिली है, उन्होंने टी-20 खिलाड़ी के तौर पर अपनी उपयोगिता साबित की है, वह मौजूदा समय में कैरेबियन प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
सुनील नरेन को जगह नहीं
इसके अलावा वेस्टइंडीज की टी-20 वर्ल्ड कप टीम में रहस्यमय गेंदबाज सुनील नरेन को जगह नहीं दी गई है। जबकि पूर्व कप्तान जेसन होल्डर को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम मे शामिल किया गया है। वेस्टइंडीज की टीम ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के साथ ग्रुप एक में हैं। कैरेबियाई टीम 23 अक्तूबर को अपना पहला मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी।
वेस्टइंडीज की टीम- कीरोन पोलार्ड (कप्तान), निकोलस पूरन, फाबियन एलन, ड्वेन ब्रावो, रोस्टन चेज, आंद्रे फ्लेचर, क्रिस गेल, शिमरॉन हेटमायर, इविन लुइस, ओबेड मैक्कॉय, लेंडल सिमंस, रवि रामपॉल, आंद्रे रसेल, ओशाने थॉमस, हेडन वाल्श जूनियर।
रिजर्व खिलाड़ी- डारेन ब्रावो, शेल्डन कॉट्रेल, जेसन होल्डर, अकील हुसैन