भारतीय ओपनर शिखर धवन लगातार तीसरे मैच में कोई करिश्मा नहीं दिखा सके। हालांकि दिल्ली ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट के इस मुकाबले में सिक्कम को 66 गेंद शेष रहते नौ विकेट से रौंद दिया। करन डागर (4/12) और सिमरनजीत सिंह (2/17) ने सिक्कम को सात विकेट पर 88 रन पर रोक दिया। कप्तान इकबाल अब्दुल्ला ने सर्वाधिक 37 रन की पारी खेली। इसके बाद दिल्ली ने लक्ष्य को नौ ओवर में धवन (19 रन, 18 गेंद) का विकेट खोकर हासिल कर लिया। हितेन दलाल ने नाबाद 54 और अनुज रावत ने नाबाद 14 रन की पारी खेली। दिल्ली ही यह छह मैचों में चौथी जीत है और वह ग्रुप ई में 18 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है।
नबी और रसूल ने दिलाई जेएंडके को जीत
आकिब नबी (4/43) की उम्दा गेंदबाजी के बाद परवेज रसूल (59*) की कप्तानी पारी से जम्मू एंड कश्मीर ने सौराष्ट्र को दो गेंद शेष रहते छह विकेट से पराजित किया। पहले खेलते हुए सौराष्ट्र की टीम शेल्डन जैक्सन नाबाद 55 और प्रेरक मकंद 31 की पारी के बावजूद सात विकेट पर 149 रन ही बना पाई। जेएंडके ने लक्ष्य को 19.4 ओवर में चार विकेट पर 155 रन बनाकर हासिल कर लिया। रसूल ने अब्दुल समाद (32) के साथ के साथ पांचवें विकेट के लिए अटूट 73 रन की साझेदारी की। रसूल ने अपनी पारी में 40 गेंदों का सामना कर चार चौके और तीन छक्के जड़े। इनके अलावा जतिन वाधवन ने 35 रन की पारी खेली। सौराष्ट्र की ओर से चेतन सरकरिया ने दो विकेट लिए।
मेघालय के लिए खेलने वाले उत्तराखंड के अभय नेगी रविवार को 14 गेंदों पर अर्द्धशतक लगाकर सैयद मुश्ताक ट्रॉफी में सबसे तेज पचासा जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने रॉबिन उथप्पा (15 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ा। अभय ने इस दौरान लोकेश राहुल की बराबरी भी की। राहुल ने 2018 आईपीएल में पंजाब से खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ 14 गेंदों पर पचासा जड़ा था जो इस टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेज अर्द्धशतक है।
अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे तेज अर्द्धशतक का रिकॉर्ड भारत के युवराज सिंह (12 गेंद) के नाम है। उन्होंने 2007 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई ने भी टी20 में 12-12 गेंदों पर अर्द्धशतक जड़ा है।
अभय ने अपनी नाबाद पारी में 15 गेंदें खेली और छह छक्के और दो चौके जड़े। इससे मेघालय ने चार विकेट पर 204 रन बनाए। उनके अलावा रवि तेजा ने नाबाद 53 रन बनाए। जवाब में मिजोरम की टीम दो विकेट पर 182 रन ही बना पाई और मेघालय ने मैच 25 रन से जीता। मिजोरम के लिए तरुवर कोहली ने 90 और पवन प्रसाद ने नाबाद 72 रन बनाए।
जसकरण सिंह (4/25) और करनवीर सिंह (3/15) की उम्दा गेंदबाजी के बाद कप्तान मनन वोहरा (68) और शुभम भांबरी (39) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 108 रन की अटूट साझेदारी से चंडीगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को 65 गेंद शेष रहते दस विकेट से धो डाला। पहले बल्लेबाजी करते हुए अरुणाचल की टीम नौ विकेट पर 106 रन ही बना पाई। उसके दो बल्लेबाज उवेस अहमद (27) और राहुल दलाल (26) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। चंडीगढ़ ने लक्ष्य को 9.1 ओवर में बिना विकेट खोए हासिल कर लिया।
केरल से एक रन से हारा यूपी
उत्तर प्रदेश को केरल के हाथों बारिश से बाधित मुकाबले में वीजेडी पद्धति से एक रन से हार मिली। केरल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन 38 और जलज सक्सेना नाबाद 14 की मदद से आठ विकेट पर 119 रन बनाए। यूपी के लिए अंकित राजपूत, मोहसिन खान और शानू सैनी ने दो-दो विकेट झटके। इसके बाद यूपी की पारी में बारिश आ गई। उसे सात ओवर में 44 रन का लक्ष्य दिया गया लेकिन टीम चार विकेट पर 42 रन ही बना पाई। अक्शदीप नाथ ने नाबाद 30 रन बनाए।