महाराष्ट्र ने थामा उत्तराखंड का विजय रथ
उत्तराखंड का लगातार चार मैचों से चला आ रहा विजय रथ बुधवार को महाराष्ट्र ने थाम दिया। दस विकेट से मिली इस करारी शिकस्त के साथ उत्तराखंड ग्रुप ई की तालिका में शीर्ष से तीसरे नंबर पर खिसक गया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड की टीम 18.1 ओवर में मात्र 89 रन पर ढेर हो गई। उसके तीन बल्लेबाज कप्तार रजत भाटिया (28), वैभव सिंह पंवार (25) और विजय शर्मा (22) ही दहाई का स्कोर कर सके। महराष्ट्र की ओर से सत्यजीत ने चार और विशाल ने दो विकेट झटके। महाराष्ट्र ने 90 रन के लक्ष्य को 8.2 ओवर में ही बिना विकेट खोए हासिल कर लिया। कप्तान राहुल त्रिपाठी ने नाबाद 51 और ऋतुराज गायकवाड़ ने नाबाद 28 रन की पारी खेली।
जम्मू एंड कश्मीर की टीम 65 रन पर लुढ़की
जम्मू एंड कश्मीर को केरल के हाथों 94 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह जेएंडके की पांच मैचों में तीसरी हार है। केरल से मिले 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जेएंडके की टीम 14.2 ओवर में मात्र 65 रन पर लुढ़क गई। जतिन वधावन (25) और इरफान पठान (10) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। सुधेसन ने तीन और निदीश व विनोप ने दो-दो विकेट लिए। केरल ने पहले खेलते हुए विनोप 52 और मोहम्मद अजहरुद्दीन 32 की पारियों से सात विकेट पर 159 रन बनाए।