सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित की गई प्रशासकों की समिति (सीओए) और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (टीएनसीए) के बीच चल रहे विवाद पर अहम फैसला सुनाते कोर्ट ने टीएनसीए को तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनलपीएल) का आयोजन करने की अनुमति दे दी है।
सीओए के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि इस आगामी टूर्नामेंट में राज्य से बाहर का कोई खिलाड़ी हिस्सा नहीं लेगा। गौरतलब है कि बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के वर्चस्व वाली टीएनसीए ने सुप्रीम कोर्ट में सीओए के उस आदेश के खिलाफ याचिका दायर की थी जिसमें सीओए ने टूर्नामेंट में राज्य से बाहरी खिलाड़ियों के खेलने पर मान्यता रद्द करने की धमकी दी है।
वहीं टीएनसीए इस टूर्नामेंट में 16 बाहरी खिलाड़ियों को खिलाना चाहता था और इसके लिए उसने बीसीसीआई की एसजीएम में अनुमति भी ले ली थी, लेकिन विनोद राय की अगुआई में सीओए इसके खिलाफ है। सीओए ने इस एसजीएम को ही अवैध घोषित कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट का कहना कि तमिलनाडु क्रिकेट बॉडी में नामांकित खिलाड़ी ही टीएनलपीएल में हिस्सा ले सकते हैं।