सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई के पुनःनिर्वाचित अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन को बड़ी राहत दी है। अदालत ने श्रीनिवासन को बीसीसीआई अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने की इजाजत दे दी।
इसके अलावा उच्चतम न्यायालय ने आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाने की भी घोषणा की।
मामले की सुनवाई कर रही खंडपीठ के न्यायाधीश एके पटनायक ने कहा, 'श्रीनिवासन बीसीसीआई के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल सकते हैं। अदालत ने स्पॉट फिक्सिंग मामले की जांच के लिए नई समिति बनाई है।'
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस मुकुल मुदगल तीन सदस्यीय समिति की अगुवाई करेंगे। समिति में वरिष्ठ अधिवक्ता व असम क्रिकेट संघ के सदस्य निलय दत्ता और एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ए नागेश्वर राव शामिल हैं।
अदालत ने समिति को चार महीनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देने को कहा। साथ ही बोर्ड को कड़ी हिदायत दी कि वह जांच को प्रभावित करने की कतई कोशिश ना करे।
बेंच ने कहा कि जांच समिति एक स्वतंत्र समिति की तरह काम करेगी और अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौपेंगी।