भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के युवा क्रिकेटर ऋषभ पंत को लेकर बड़ी बात कही है। दरअसल, गावस्कर ने आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करने के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऋषभ पंत भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान होंगे।
बता दें, श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में पंत ने आईपीएल-14 में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में दिल्ली ने 8 में से 6 मैचों में जीत हासिल की और आईपीएल के टलने तक यह टीम अंक तालिका में शीर्ष बनी रही। आईपीएल 14 में ऋषभ के प्रदर्शन पर गौर करें तो उन्होंने 8 पारियों में 35.50 की औसत से 213 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 131.48 था।
ऋषभ की गलतियों का किया बचाव
पंत की कप्तानी से प्रभावित होकर गावस्कर ने अपने एक कॉलम में लिखा, ‘उनमें सीखने की भूख है। ऋषभ पंत के नेतृत्व में दिल्ली टूर्नामेंट की सबसे शानदार टीम रही। छठे मैच तक कोई देख सकता था कि पंत कप्तानी से संबंधित सवाल पर थके हुए नजर आते थे। मैच के बाद प्रत्येक प्रेजेंटर ने उनसे एक ही तरह के सवाल किए। उन्होंने जो दिखाया वो चिंगारी है तो आगे चलकर दहाड़ में तब्दील हो सकती है, अगर उन्हें अनुमति मिली तो। हां, उसने गलतियां की, कौन सा कप्तान नहीं करता?'
गावस्कर ने की पंत की तारीफ
गावस्कर ने आगे लिखा, 'पंत भविष्य का कप्तान हैं, इसमें कोई शक नहीं। ऐसा इसलिए क्योंकि उसने दिखाया कि प्रतिभा अवसर से तभी मिल सकती है, जब यह सुधार के साथ बराबरी से चले।' पंत ने इस पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। टीम इंडिया की ऐतिहासिक सीरीज जीत में उनकी अहम भूमिका रही थी। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में अपना दमखम दिखाया। इस युवा क्रिकेटर ने टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज में अपने फॉर्म को जारी रखा और अपनी विकेटकीपिंग में भी सुधार किया, जिसके नतीजे आज सबके सामने हैं।