एंटिगुआ में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन के चयन पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनिल गावस्कर ने सवाल उठाया है। गावस्कर ने ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पहले टेस्ट में शामिल नहीं किए जाने पर भारतीय टीम मैनेजमेंट की लताड़ लगाई है। उन्होंने कहा कि जिस खिलाड़ी का विंडीज के खिलाफ टेस्ट में शानदार रिकॉर्ड है और आप उसे मैच में नहीं उतार रहे हैं, यह बात समझ से बाहर है।
ऑफ स्पिनर अश्विन को वेस्टइंडीज के खिलाफ जबरदस्त सफलता मिली है, खासकर कैरेबियन जमीन पर। 2016 की टेस्ट सीरीज में अश्विन ने चार मैचों में 17 विकेट चटकाए थे साथ ही बल्लेबाजी करते हुए दो शतक भी जड़े थे और वह मैन ऑफ द सीरीज रहे थे।
कुल मिलाकर उन्होंने विंडीज के खिलाफ 60 विकेट चटकाए हैं और चार शतक भी लगाए हैं। इस मैच में अश्विन के अलावा रोहित शर्मा, कुलदीप यादव, ऋधिमान साहा और उमेश यादव को अंतिम 11 में जगह नहीं मिली है। भारत की शुरुआत खराब रही, 25 रन पर टॉप के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।