ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने बिग बैश लीग (बीबीएल) में अपनी तूफानी पारी से रिकॉर्ड बना दिया। सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेलते हुए सिडनी थंडर्स के खिलाफ शतकीय पारी खेली और टीम की जीत में अहम योगदान दिया। स्मिथ ने इस दौरान रेयान हेडली के एक ओवर में 32 रन बनाए जिसमें चार गेंदों पर लगातार चार छक्के शामिल हैं। यह बीबीएल के इतिहास का सबसे महंगा ओवर रहा।
रियान हेडली के 12वें ओवर में इस तरह आया स्मिथ का तूफान
- पहली गेंद पर छक्का
- दूसरी गेंद पर छक्का
- तीसरी गेंद पर छक्का
- चौथी गेंद पर छक्का
- पांचवीं गेंद नो बॉल पर चौथा
- पांचवीं गेंद वाइड पर एक रन
- पांचवीं वैध गेंद पर कोई रन नहीं
- छठी गेंद पर दो रन
41 गेंदों पर पूरा किया शतक
सिडनी सिक्सर्स के कप्तान स्मिथ ने मात्र 41 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज शतक रहा। उन्होंने ब्रिसबेन हीट के जोश ब्राउन के रिकॉर्ड की बराबरी की जिन्होंने पिछले साल एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ इतनी ही गेंदों पर सैकड़ा जड़ा था। स्मिथ ने 42 गेंदों पर पांच चौकों और नौ छक्कों की मदद से 100 रन बनाए।
मैच में क्या हुआ?
- मैच की बात करें तो सिडनी सिक्सर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
- सिडनी थंडर्स ने कप्तान डेविड वार्नर के 65 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 110 रन की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 189 रन बनाए।
- लक्ष्य का पीछा करते हुए सिडनी सिक्सर्स ने स्मिथ की शतकीय पारी के दम पर 17.2 ओवर में पांच विकेट पर 191 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
आईपीएल में नहीं मिला था खरीदार
स्मिथ ने बीबीएल में दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला था। स्मिथ ने नीलामी में खुद को पंजीकृत किया था, लेकिन किसी टीम ने उन्हें खरीदने पर दिलचस्पी नहीं जताई थी।