भारतीय गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने पिछले साल मार्च में अपनी पूर्व पत्नी धनश्री वर्मा से तलाक ले लिया था। इसके बाद से ही वे लगातार सुर्खियों में बने रहे। मार्च 2025 में भी धनश्री वर्मा से अलगाव को लेकर चल रहे विवादों के कारण उनका नाम चर्चा में रहा। साल 2020 में शादी के बाद, धनश्री वर्मा को युजवेंद्र चहल के कुछ प्रशंसकों द्वारा अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। वहीं, युजवेंद्र चहल भी उस समय चर्चा में आए जब उन्हें कथित गर्लफ्रेंड आरजे महवश के साथ कई जगह देखा गया, जबकि उनका तलाक अभी अंतिम रूप से पूरा नहीं हुआ था। अब युजवेंद्र चहल ने इन सभी मुद्दों पर मैशेबल इंडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में अपनी बात खुलकर रखी है।
महवश को डेट कर रहे चहल?
जब उनसे महवश के साथ वायरल वीडियो के बारे में पूछा गया, तो चहल ने डेटिंग की अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वे खुश हैं और किसी के साथ रिश्ते में नहीं हैं। महवश को सिर्फ एक दोस्त बताते हुए उन्होंने कहा, 'यार, दोस्त वगैरह घूमते हैं तो प्रॉब्लम नहीं है न कि वीडियो आ जाता है। कोई रिश्ता नहीं। खुश हूं सिंगल।'
सोशल मीडिया ट्रोलिंग के बारे में क्या बोले चहल?
इंटरव्यू में चहल ने सोशल मीडिया पर मिलने वाले ट्रोलिंग और नफरत पर भी बात की। उन्होंने बताया कि अब उन्हें यह परेशान नहीं करता। उन्होंने आगे कहा, 'मैंने अपने लाइफ में ट्रोलिंग से लेकर, गलियों से लेकर, मां-बहन की गाली, सब देखा है सोशल मीडिया पर। तो मैं उस चीज से निकल चुका हूं। मुझे इतना फर्क नहीं पड़ता, लोग गाली देकर जाएँगे, कोई प्रॉब्लम नहीं। मेरी बिल्ड पर मैंने बहुत ट्रोलिंग देखी है, मेरे दांतों पर भी देखी है। जो ट्रोल करना है, वो मुझे क्या, किसी को भी ट्रोल करेगा।'
चहल ने यह भी बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में ट्रोलिंग उन्हें प्रभावित करती थी, क्योंकि यह उनके लिए नई चीज थी। उन्होंने कहा, 'स्टार्टिंग में अफेक्ट करता था क्योंकि ये चीज़ नई थी। कोई इतना गंदा भी बोल सकता है, बिना मुझसे या मेरे परिवार से मिले। अब तो अपना ओपन इंस्टाग्राम है, जो आना है आओ, गाली देकर जाओ। हेट आएगी अब, खुछ रहे वो भी, हेट करने वाले।'
तलाक के दौरान चहल को कैसी तकलीफ हुई?
युजवेंद्र चहल ने खुलासा किया कि उनके तलाक के कठिन समय में उन्हें एंग्जाइटी और पैनिक अटैक्स का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इन अटैक्स के दौरान हाथ कांपने लगते, चेहरा सिकुड़ जाता और सुन्न हो जाता, और कई बार इतनी तकलीफ होती कि होश ही खो देते थे। इस बारे में उन्होंने कहा कि थेरेपी से काफी मदद मिली और अब वे पूरी तरह फिट और ठीक हैं।