भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिव सुंदर दास को इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। दास ने भारत के लिए 2000 से 2002 के बीच में 23 टेस्ट और चार वन-डे मैच खेले हैं। टेस्ट में दास के नाम 1326 रन दर्ज हैं, जिसमें दो शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, वन-डे में दास ने महज 39 रन बनाए हैं। दास को यकीन है कि एनसीए के साथ कोचिंग के दौरान मिले अनुभव का उन्हें फायदा मिलेगा।
उन्होंने कहा, 'यह अच्छा अनुभव है और मुझे इसका बेताबी से इंतजार है।' उन्होंने कहा, 'मैं चार पांच साल एनसीए का हिस्सा था और कुछ समय से बल्लेबाजी कोच रहा हूं। मैं राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझे यह मौका दिया।' बता दें कि वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में बल्लेबाजी कोच रह चुके हैं। उनका मानना है कि उस अनुभव से उन्हें बल्लेबाजों की तकनीकी दिक्कतों को दूर करने में मदद मिलेगी।
भारतीय महिला टीम के इंग्लैंड दौरे से पहले दास की नियुक्ति हुई है। बीते दिनों भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने पूर्व ऑफ स्पिनर रमेश पवार को भारतीय महिला सीनियर क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। बीसीसीआई ने इस पद के लिए विज्ञापन दिया था और जिसके लिए उसे 35 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे।
बता दें कि इंग्लैंड दौरे पर महिला टीम को एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। टीम 16 जून से ब्रिस्टल में टेस्ट मुकाबले से इस दौरे की शुरुआत करेगी।