भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष एन श्रीनिवासन को आईसीसी का नया चेयरमैन चुना गया है।
विवादों में रहने वाले श्रीनिवासन इस साल जुलाई में आईसीसी बोर्ड के नए चेयरमैन के रूप पदभार ग्रहण करेंगे। जबकि इसी तरह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के प्रतिनिधि कार्यकारी समिति के चेयरमैन बनाए गए हैं।
सिंगापुर में आईसीसी बोर्ड ने शनिवार को बैठक में प्रशासन और वित्तीय माडल से संबंधित नए नियमों पर अपनी मुहर लगा दी। साथ ही इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट (ईसीबी) के प्रमुख जाइल्स क्लार्क को वाणिज्य से संबंधित मामला सौंपा गया है।
आईसीसी ने अपने बयान में कहा, "आईसीसी में ढांचागत बदलाव को लेकर तैयार किए गए प्रस्ताव को आज वोटिंग के लिए रखा गया था तथा आईसीसी बोर्ड में उसे आठ पूर्णकालिक सदस्यों सहित आवश्यक समर्थन भी मिला। हालांकि दो पूर्णकालिक सदस्य पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका क्रिकेट दोनों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।"
आईसीसी के अनुसार दोनों क्रिकेट बोर्डों ने इस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए और समय की मांग की थी।
बीसीसीआई, सीए और ईसीबी दोनों उप समितियों में प्रतिनिधित्व करेगी तथा उनके साथ पूर्णकालिक सदस्यों से भी दो सदस्य इन समितियों में प्रतिनिधित्व के रूप में करेंगे। हालांकि विश्व की सर्वोच्च क्रिकेट संस्था की इस बैठक में जिन भी बदलावों पर मुहर लगाई गई है उनपर आईसीसी की पूर्णकालिक परिषद भी चर्चा करेगी।
इस बैठक से एसोसिएट देशों के भी टेस्ट राष्ट्र का दर्जा प्राप्त करने का रास्ता साफ हो गया है। अगले आईसीसी इंटरकांटिनेंटल कप की विजेता टीमों को पूर्णकालिक देशों की निचली रैंक की टीमों के साथ प्ले ऑफ में खेलने का मौका मिलेगा और यदि वे सफल रहते हैं तो उन्हें टेस्ट का दर्जा भी मिल सकता है।