दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मुकाबले में टीम का बल्लेबाजी क्रम एक बार फिर लड़खड़ा गया ऐसे में कप्तान दिमुथ करूणारत्ने वेस्टइंडीज की गेंदबाजी के सामने इसे सुधारना चाहेंगे।
खराब बल्लेबाजी के कारण टीम की गेंदबाजी भी दबाव में आ जाती है लेकिन अनुभवी लसिथ मलिंगा और नुवान प्रदीप (चेचक के कारण विश्व कप से बाहर) ने टीम को गेंद से अच्छी शुरूआत दिलाई है। टीम को एक बार फिर अपने गेंदबाजों से उम्मीदें होगी।
अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 421 रन बनाने के बाद वेस्टइंडीज का टूर्नामेंट में उलटफेर करने वाला छुपारुस्तम माना जा रहा था। टीम हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले मुकाबले को जीतने के बाद अगले पांच मैच गंवा बैठी।
वेस्टइंडीज टीम को हालांकि कुछ करीबी मुकाबलों में अहम मौकों को नहीं भुना पाने का भी खामियाजा भुगतना पड़ा। टीम तालिका में अफगानिस्तान के ऊपर नौवें स्थान पर है। टीम के पास खोने के लिए कुछ नहीं है, ऐसे में क्रिस गेल, कार्लोस ब्रेथवेट और शाई होप जैसे बड़े शॉट खेलने वाले बल्लेबाज दवाब मुक्त होकर खेलेंगे और अगर उनका बल्ला चला तो कुछ भी संभव है।
पिछले मुकाबले में भारत से हार के बाद वेस्टइंडीज के मुख्य कोच फ्लोयड रीफर ने कहा था, 'विश्व कप अभियान को लेकर हमने आपस में चर्चा की और हम टूर्नामेंट का सकारात्मक अंत करना चाहते हैं।'
उन्होंने कहा, 'हम आत्मसम्मान के लिए खेल रहे हैं, हमें यह पता है कि घरेलू प्रशंसक हमारे साथ है और हम उनका प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।' डरहम के रिवरसाइड मैदान पर होने वाले इस मैच के दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान है और बारिश की संभावना काफी कम है।