अकिला धनंजय (5/57) की कातिलाना गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के पहले टेस्ट के पहले दिन बारिश के कारण खेल रोके जाने तक पांच विकेट पर 203 रन पर रोक दिया। दिन का खेल खत्म होने पर टेलर के साथ मिशेल सेंटनर आठ रन बनाकर क्रीज पर थे।
अनुभवी रॉस टेलर ने नाबाद 86 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पिछले साल संदिग्ध एक्शन की शिकायत होने के बाद नए एक्शन के साथ गेंदबाजी कर रहे धनंजय ने पिछले छह मैचों में चौथी बार पांच विकेट चटकाए। उनके अलावा टीम के किसी भी गेंदबाज को सफलता नहीं मिली।
रावल-लॉथम ने जोड़े 64 रन : न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनर जीत रावल (33) और टाम लॉथम (30) ने 64 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। धनंजय ने लॉथम को विकेटकीपर निरोशन डिकवेला के हाथों कैच करवाकर टीम को पहली सफलता दिलाई। कप्तान केन विलियम्सम भी तीन गेंद बाद खाता खोले बिना धनंजय की गेंद को शार्ट मिडविकेट पर विरोधी कप्तान दिमुथ करुणारत्ने के हाथों में लपके गए।
टेलर का 31वां अर्द्धशतक : इसके बाद टेलर ने हेनरी निकोल्स (42) के साथ चौथे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। धनंजय ने इस साझेदारी को निकोलस को एलबीडब्ल्यू आउट कर तोड़ा। उन्होंने इसके बाद विकेटकीपर बीजे वाटलिंग को भी एक रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू कर चाय से पहले न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया। इस बीच टेलर ने अपना 31वां अर्द्धशतक पूरा किया। उन्होंने 131 गेंद की नाबाद पारी में छह चौके जडे़।