कप्तान दिमुथ करुणारत्ने और लाहिरू तिरमाने की सलामी जोड़ी ने 268 रन के मुश्किल लक्ष्य के सामने श्रीलंका को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में शनिवार को यहां शानदार शुरुआत दिलाई। श्रीलंका ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 133 रन बनाए हैं और वह अब लक्ष्य से केवल 135 रन दूर है।
गॉल में कोई भी टीम 99 रन से बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई है और अगर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इस मैच में लक्ष्य तक पहुंचती है तो यह गॉल में नया रिकॉर्ड होगा। करुणारत्ने अभी 71 रन पर खेल रहे हैं जबकि शुरू में रन बनाने के लिए जूझने वाले तिरिमाने ने 57 रन बनाए हैं।
करुणारत्ने ने चाय के विश्राम से ठीक पहले अपना 23वां अर्द्धशतक पूरा किया और इसके बाद भी तिरिमाने के साथ मिलकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को सफलता हासिल नहीं करने दी। इन दोनों ने चौथी पारी में श्रीलंका की तरफ से सबसे बड़ी साझेदारी का भी नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 124 रन का था जो करूणारत्ने और कौशल सिल्वा ने 2014 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने विकेटकीपर बल्लेबाज वीजे वॉटलिंग के 77 रन और विलियम समरविले के नाबाद 40 रन की मदद से अपनी दूसरी पारी में 285 रन बनाए। न्यूजीलैंड के पुछल्ले बल्लेबाजों ने श्रीलंका को काफी परेशान किया क्योंकि अंतिम पांच खिलाड़ियों ने 187 रन जोड़े जबकि पहले पांच विकेट महज 98 रन पर गिर गए थे। तीसरे दिन टिम साउथी के साथ सातवें विकेट के लिए 54 रन की भागीदारी निभाने वाले वॉटलिंग ने समरविले के साथ आठवें विकेट के लिए 46 रन जोड़े।