श्रीलंका वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मैच 187 रनों से जीत लिया है। इसके साथ ही श्रीलंका की टीम सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। वहीं टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में भी श्रीलंका सबसे ऊपर पहुंच चुकी है। भारतीय टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ दो टेस्ट जीते थे इसके बावजूद वह एक मैच जीतने वाले श्रीलंका से नीचे हो गया। इसकी वजह है प्वाइंट्स प्रतिशत। प्वाइंट प्रतिशत में श्रीलंका बाकी सभी देशों से बहुत आगे हैं। इसी वजह से वह अंकतालिका में पहले पायदान पर आ चुका है। हालांकि एक मैच हारते ही श्रीलंका बाकी टीमों से काफी नीचे जा सकता है।
मौजूदा अंकतालिका में श्रीलंका पहले, भारत दूसरे और पाकिस्तान तीसरे नंबर है। वहीं वेस्टइंडीज चौथे और इंग्लैंड पांचवें नंबर पर है। न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश जैसी टीमों ने 2021-23 टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक अपना पहला मैच नहीं खेला है। न्यूजीलैंड का पहला मैच शुरू हो चुका है, जबकि बांग्लादेश जल्द ही पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा।
किस आधार पर मिलते हैं प्वाइंट
आईसीसी के नियमों के अनुसार एक मैच जीतने पर विजेता टीम को 12 प्वाइंट मिलते हैं। वहीं मैच ड्रॉ होने पर दोनों टीमों को चार-चार प्वाइंट मिलते हैं और हारने वाली टीम को कोई प्वाइंट नहीं मिलता है। मैच टाई होने पर दोनों टीमों को छह-छह प्वाइंट्स मिलते हैं। वहीं प्वाइंट्स टेबल की रैंकिंग इस आधार पर तय की जाती है कि एक टीम ने हर मैच में कितने प्रतिशत प्वाइंट हासिल किए हैं। एक मैच में कुल 12 प्वाइंट्स ही होते हैं।
भारत से आगे क्यों है श्रीलंका
भारत ने 2021-23 चैंपियंस ट्रॉफी में चार मैच खेले हैं। इनमें से दो में जीत हासिल की है, एक मैच हारा है और एक ड्रॉ रहा है। इस आधार पर भारत के पास 26 प्वाइंट हैं, क्योंकि धीमे ओवर रेट के कारण टीम इंडिया को दो प्वाइंट्स का नुकसान भी हुआ था। अपने चार मैचों में भारत ने 54.17 प्रतिशत प्वाइंट हासिल किए हैं। वहीं श्रीलंका ने अपना एकमात्र मैच जीता है और 100 फीसदी प्वाइंट्स हासिल करके अंकतालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है।